कोरोना से जंग: बिहार में कोरोना जांच और होगा तेज, स्वास्थ्य मंत्रालय ने भेजा 6240 रैपिड टेस्ट किट
पटना
बिहार में कोरोना संक्रमण जांच और तेज करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को 6240 रैपिड टेस्ट किट बिहार को पहली किस्त में भेजा है। इससे जांच में पहले के अपेक्षा और तेजी आएगी। इस किट से 10 मिनट में निगेटिव-पॉजिटिव की जानकारी मिल जाती है। इसके अलावा इस जांच से संदिग्ध मरीज की इम्युनिटी की भी जानकारी मिल जाती है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने कहा कि बिहार में आज दोपहर 6240 रैपिड टेस्ट किट उपलब्ध कराए गए हैं, क्योंकि यह पहली किश्त के रूप में है। विभाग इसके उपयोग के लिए एक व्यापक रणनीति तैयार कर रहा है।
पटना में कोरोना से दूसरी मौत
कोरोना संक्रमित एक और मरीज की शुक्रवार को इलाज के दौरान पटना एम्स में मौत हो गई। वैशाली के राघोपुर निवासी नवल किशोर राय की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। दो साल से बीमार चल रहे नवल को इलाज के दौरान कब संक्रमण हुआ, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। संक्रमित के संपर्क में आए एक सौ से अधिक लोगों का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। अब प्रशासन जांच रिपोर्ट के इंतजार में है। हालांकि इलाज के दौरान हमेशा साथ रहने वाले नवल के परिवार के तीन सदस्यों की रिपोर्ट पटना एम्स की जांच में निगेटिव आई है।
बिहारशरीफ-बेगूसराय में दो और कोरोना संक्रमित मरीज मिले
बिहार में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के दो नए मामले सामने आए। इनमें एक मरीज नालंदा और एक बेगूसराय जिले का रहने वाला है। नालंदा के बिहारशरीफ के रहने वाले 17 साल के एक युवक और बेगूसराय के 42 साल के एक शख्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही राज्य में अब कोरोना से पीड़ित मरीजों का आंकड़ा 85 हो गया है। राज्य में अब तक कुल 9543 व्यक्तियों की कोरोना जांच की गई है। इनमें दो कोरोना पीड़ितों की मृत्यु हुई है।
bhavtarini.com@gmail.com 
