भगोरिया में थिरके पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, बजाया ढोल, कहा-शिवराज फिल्मों में जाएं

भगोरिया में थिरके पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, बजाया ढोल, कहा-शिवराज फिल्मों में जाएं

आलीराजपुर। मध्‍य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ शुक्रवार को जिले के उदयगढ़ के भगोरिया हाट में शामिल हुए। कमल नाथ इस दौरान आदिवासी वेशभूषा में थिरके और ढोल भी बजाया।

मीडिया से चर्चा में कमल नाथ ने मध्‍य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान कलाकारी करते हैं। कभी पगड़ी पहन लेते हैं तो कभी कहते हैं कि किसान का बेटा हूं। उन्हें मुंबई जाकर फिल्मों में काम करना चाहिए।

उन्‍होंने कहा कि प्रदेश की जनता इनकी कलाकारी को खूब समझती है। उन्होंने कहा कि आज यहां कोई राजनीतिक बात करने नहीं आया हूं। एक ही बात कहना चाहता हूं कि प्रदेश की तस्वीर अपने सामने रख लीजिए। आज का भटकता नौजवान हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती है। हमारे नौजवानों का भविष्य क्या है। मैं नहीं कहता कि आप कांग्रेस का साथ दीजिए, प्रार्थना है कि सच्चाई का साथ दीजिए।