कटनी में सिंधिया और बीडी शर्मा का रोड शो, कहा-दिग्विजय और कमलनाथ अंतर्राष्ट्रीय झुठेले
![कटनी में सिंधिया और बीडी शर्मा का रोड शो, कहा-दिग्विजय और कमलनाथ अंतर्राष्ट्रीय झुठेले](https://www.bhavtarini.com/uploads/images/2022/07/image_750x_62c9b7c518c90.jpg)
ajay tripathi
कटनी। कभी बेटियों को अभिशाप माना जाता था, लेकिन आज भाजपा सरकार की योजनाओं के माध्यम से मध्यप्रदेश की लाड़ली लक्ष्मी बेटियां वरदान बन गई हैं। ये भाजपा और उसके कार्यकर्ता की ताकत का ही परिणाम है। आज प्रत्येक घर में भाजपा सरकार की योजनाओं का हितग्राही है। ये मत सोचना की ये कांग्रेस का घर है। कांग्रेस अब कहीं नहीं है कांग्रेस की छुट्टी हो चुकी है। इसलिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा सरकार के विकास कार्यों की जानकारी दें।
दिग्विजय सिंह और कमलनाथ 24 घंटे झूठ बोलते हैं, ये अंतर्राष्ट्रीय झुठेले हैं। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शनिवार को कटनी में रोड शो के दौरान कही। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधायक संजय पाठक भी मौजूद थे। शर्मा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कमलनाथ ने कहा है कि उन्हें निकाय चुनाव में इंट्रेस्ट नहीं है।
कमलनाथ को भाजपा की संगठन शक्ति से डर भी लग रहा है। यह कितने दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ अपने गृह क्षेत्र में वोटिंग करने भी नहीं गए। यह साफ दर्शाता है कि कमलनाथ ने पहले ही हार स्वीकार कर ली है। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं के स्वागत से अभिभूत केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जिस स्नेह के साथ आपने स्वागत किया है, उसी विश्वास को बनाएं रखते हुए भाजपा कटनी का समग्र विकास करेगी।