दलबदल मामले पर राष्ट्रपति से मिलेगी पंजाब सरकार, 5 मई का समय तय; सीएम मान ने नहरी पानी का शेड्यूल भी जारी किया

दलबदल मामले पर राष्ट्रपति से मिलेगी पंजाब सरकार, 5 मई का समय तय; सीएम मान ने नहरी पानी का शेड्यूल भी जारी किया

चंडीगढ़, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को घोषणा की कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आम आदमी पार्टी (आप) के सांसदों के दलबदल मामले में पंजाब सरकार को मिलने का समय दे दिया है। यह मुलाकात 5 मई को दोपहर 12 बजे होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में धान की बिजाई के लिए नहरी पानी के नए शेड्यूल और ऑस्ट्रेलिया से डिपोर्ट किए गए पंजाबियों की वतन वापसी पर भी अहम जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने उन सांसदों को वापस बुलाने (रिकॉल) की मांग की है, जो अपनी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। इसी संवैधानिक संकट और जनभावनाओं के मद्देनजर राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की गई थी। हालांकि, मुख्यमंत्री ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस प्रतिनिधिमंडल में केवल कैबिनेट मंत्री होंगे या सभी विधायक भी शामिल होंगे।

1 मई से नहरों में छोड़ा जाएगा पानी

नहरी ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि अपग्रेड की गई नहरों में 1 मई से पानी छोड़ दिया जाएगा। बुधवार से ही 21,000 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज शुरू कर दिया गया है, जो 1 मई तक खेतों तक पहुंच जाएगा। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक नहरों और पाइपलाइनों के बुनियादी ढांचे पर 6,700 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य खेती के लिए ट्यूबवेलों पर निर्भरता कम करना है।

धान की बिजाई का जोनवार शेड्यूल

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब को अलग-अलग जोनों में बांटकर पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी: सीधी बिजाई (DSR): 15 मई से 31 मई तक सीधी बिजाई होगी, जिसके लिए किसानों को रोजाना 8 घंटे पानी मिलेगा। कद्दू विधि (Puddling): परंपरागत तरीके से धान लगाने वाले किसानों को 1 जून से पानी दिया जाएगा।
क्षेत्रीय वितरण: मुक्तसर और बठिंडा जोन को 5 जून से, जबकि मलेरकोटला, बरनाला और एसबीएस नगर जिलों को 9 जून से 8 घंटे बिजली और पानी की सप्लाई मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि वाटर रिचार्ज पॉइंट्स के माध्यम से भूमिगत जल स्तर में 2 से 4 मीटर तक का सुधार देखा गया है।

ऑस्ट्रेलिया से डिपोर्ट 11 पंजाबी आज लौटेंगे

एक अन्य महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए सीएम मान ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया से 15 भारतीयों को डिपोर्ट किया गया है। इनमें 11 पंजाबी (एक महिला सहित), दो तेलंगाना और एक हरियाणा का निवासी शामिल है। पंजाब सरकार की एक विशेष टीम उन्हें रिसीव करने के लिए भेजी गई है। ये सभी नागरिक बुधवार को भारत पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए पूरी मदद कर रही है।