रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: अगले महीने भोपाल मंडल की कई ट्रेनें रहेंगी निरस्त
भोपाल, जुलाई माह में रेल सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर होने वाले यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहने वाला है। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, ट्रैक और सिग्नलिंग सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए 1 जुलाई से 1 अगस्त के बीच प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा। इस ब्लॉक के चलते 10 से 21 जुलाई के बीच कई ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी, वहीं 12 से 20 जुलाई के बीच 34 ट्रेनों को बदले हुए रास्ते से चलाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ललितपुर स्टेशन की परिचालन क्षमता को बढ़ाने और भविष्य में ट्रेनों की रफ्तार व सुरक्षा सुधारने के लिए यह मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। निर्माण कार्य तीन अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा। हालांकि, इस अपग्रेडेशन वर्क के कारण एक महीने तक रेल यातायात पर आंशिक असर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है।
रेलवे की यात्रियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह
10 से 21 जुलाई के बीच जिन ट्रेनों को निरस्त करने का फैसला लिया गया है, उनमें मुख्य रूप से ललितपुर-बीना और बीना-ललितपुर पैसेंजर, भोपाल-खजुराहो और खजुराहो-भोपाल एक्सप्रेस, लखनऊ सिटी-एसएमवीटी बेंगलुरु और एसएमवीटी बेंगलुरु-लखनऊ सिटी हुबली-योग नगरी ऋषिकेश और योग नगरी ऋषिकेश-हुबली शामिल हैं। 12 से 20 जुलाई के बीच नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, जम्मूतवी, चंडीगढ़, हैदराबाद, विशाखापट्टनम, तिरुपति और यशवंतपुर जैसे बड़े शहरों को जोडऩे वाली 34 लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं। इन ट्रेनों को बीना-रूठियाई-बयाना, मथुरा-बयाना, बीना-गुना-ग्वालियर, इटारसी-जबलपुर-कानपुर, बीना-दमोह-कटनी और इटारसी-जबलपुर-सतना के रास्ते गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। जुलाई के महीने में छुट्टियों और धार्मिक यात्राओं के कारण ट्रेनों में अक्सर भारी भीड़ रहती है। ऐसे में भोपाल मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों के प्रभावित होने से हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने सलाह दी है कि यात्री नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम या हेल्पलाइन के जरिए अपनी ट्रेन की लाइव स्थिति (करंट स्टेटस) जरूर चेक कर लें।
bhavtarini.com@gmail.com 