राम मंदिर चंदा चोरी मामला: 8 आरोपियों के घर एसआईटी का छापा, अहम दस्तावेज और डायरी बरामद
लखनऊ, टिन्नू के घर अलमारी-बक्से खंगाले; अनुकल्प के घर डायरी मिली अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद 8 आरोपियों के घरों पर रविवार सुबह 7 बजे पुलिस की 8 टीमों ने एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 3 आरोपियों के घर पर ताला लगा था। पुलिस ने पड़ोसियों से सवाल-जवाब किए।
चंपत राय के करीबी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर ताला लगा मिला। आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर पर भी छापेमारी हुई। खरीदी गई संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाले गए। पुलिस को अनुकल्प के घर डायरी और कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं। पुलिस का मानना है कि डायरी राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण से संबंधित है। छापेमारी में राजस्व अधिकारियों खासकर लेखपालों को शामिल किया गया। पुलिस ने दोपहर 3 बजे तक करीब 8 घंटे जांच की। इस दौरान राम मंदिर से जुडऩे के बाद आरोपियों के लाइफ स्टाइल में आए बदलाव को लेकर पड़ताल की गई।
किस आरोपी के घर पर क्या मिला
रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू: राम मंदिर से 2 किमी दूर स्वर्गद्वार मोहल्ले में टिन्नू के दो मंजिला मकान पर ताला लगा मिला। कुछ देर बाद टिन्नू की मां पहुंचीं और ताला खोला। पुलिस ने कागजातों, बक्सों, अलमारी की तलाशी, पूछताछ की।
मनीष यादव: टिन्नू के घर के बगल में आरोपी भतीजे मनीष यादव के घर पर भी छापेमारी हुई। वहां भी ताला लगा मिला। दो मंजिला मकान में रह रहे किराएदारों से पुलिस ने मनीष के बारे में सवाल किए।
लवकुश मिश्रा: रुदौली स्थित घर स्थानीय पुलिस पहुंची तो लवकुश के दादा 72 साल के जगदंबा मिश्रा बाहर बैठे दिखे। उनसे पूछताछ हुई।
सुभाषचंद्र श्रीवास्तव: अंजनीपुरम स्थित घर में छापेमारी हुई। घर पर ताला मिला। पुलिस ने पड़ोसियों से बातचीत की। सुभाष की संपत्ति और लाइफस्टाइल के बारे में जानकारी जुटाई।
अनुकल्प मिश्रा: कौशलपुरी स्थित घर पर पुलिस पहुंची, तो मां ने दरवाजा खोला। 3 पुलिस वाले घर के अंदर गए। संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाली। परिवारवालों से पूछताछ की। पड़ोसियों से भी सवाल-जवाब किए।
अविनाश शुक्ला: कौशलपुरी में घर पर पुलिस को कोई नहीं मिला। पास में किराना स्टोर चलाने वाले राहुल कुमार से पुलिस ने पूछताछ की। उन्होंने बताया- अविनाश किराए पर रहते हैं। योग सेंटर से जुड़े हुए थे। घर कहीं गांव में है।
रमाशंकर मिश्रा: नया घाट में आरोपी के पिता ने छन्नूलाल मिश्र ने बताया-पुलिस आई थी। बक्सा और अलमारी देखी। जांच के बाद चले गए। घर में कुछ नहीं मिला। कुछ कागजों पर साइन करवाए। रमाशंकर करीब 6 साल से मंदिर के लिए काम कर रहा था।
दोषी बख्शे नहीं जाएंगे: इंद्रेश कुमार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा-एसआईटी मामले की जांच कर रही है। दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। अयोध्या का राम राज्य ऐसा है कि अपराधियों को कभी माफ नहीं किया जाता। उन्हें सजा दी जाती है। जल्दबाजी करने या राजनीतिक रंग देने की कोई जरूरत नहीं है।
bhavtarini.com@gmail.com 