मौसम का मिजाज: पछुआ ने दिन में बढ़ायी ठंड, अब रात में भी बढ़ेगी ठिठुरन

मौसम का मिजाज: पछुआ ने दिन में बढ़ायी ठंड, अब रात में भी बढ़ेगी ठिठुरन

पटना                                
दिन का तापमान अब गिरने लगा है। मंगलवार को दिन में पछुआ चलने से पटना, गया व पूर्णिया सहित विभिन्न स्थानों पर अधिकतम तापमान लगभग दो डिग्री तक गिरा। हालांकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक वृद्धि हुई, लेकिन आगामी दो-तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। यानी रात को ठंड बढ़ेगी। मंगलवार को पटना में हवा की रफ्तार लगभग आठ किलोमीटर प्रति घंटा रही। इससे सोमवार की अपेक्षा अधिकतम तापमान एक डिग्री और लुढ़क गया। पारा 25.2 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से लगभग एक डिग्री कम है। वहीं, गया का पारा भी सामान्य से 1.2 डिग्री कम हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अब तापमान गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। रात के तापमान (न्यूनतम) में दो-तीन दिनों तक एक से दो डिग्री तक कमी आएगी। सुबह के समय कोहरा घना होगा। दृश्यता घटेगी। अभी दृश्यता सात सौ से आठ सौ मीटर तक है। यानी अभी इतनी दूरी की चीजें दिखाई दे रही हैं, लेकिन ठंड बढ़ने के साथ-साथ कोहरे में भी वृद्धि होगी। वाहनों की रफ्तार थमेगी। 

कुहासे में भी ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार होगी 75 किमी प्रति घंटा 
जाड़े में भी संभावित कोहरे से निपटने के लिए पूर्व मध्य रेल (ईसीआर) संरक्षित ट्रेन परिचालन के लिए ढेरों जरूरी कदम उठाएगी। कोहरे में कम से कम गाड़ियां प्रभावित हों, इसके लिए रेल इंजनों में फॉग सेफ डिवाइस लगायी गयी हैं। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि सिग्नलों की दृश्यता बढ़ाने के लिए सिग्नल साइटिंग बोर्ड, फॉग सिग्नल पोस्ट, ज्यादा व्यस्त समपार के लिफ्टिंग बैरियर को एक विशेष रंग काला व पीला रंग से रंगकर चमकीला बनाया गया है। लोको पायलटों को यह भी निर्देश है कि कुहासा होने पर गाड़ियों को 75 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से न चलाएं।