वेनेजुएला में भयानक भूकंप, कई शहर तबाह, हजारों की मौत की आशंका

वेनेजुएला में भयानक भूकंप, कई शहर तबाह, हजारों की मौत की आशंका

काराकास। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने व्यापक तबाही मचा दी। राजधानी काराकास और आसपास के क्षेत्रों में एक मिनट के भीतर आए दो तीव्र भूकंपों के कारण कई इमारतें और मकान ढह गए। हजारों लोगों के मौत होने की आशंका है, जबकि काफी संख्या में लोग घायल हुए हैं। राहत एवं बचाव दल युद्धस्तर पर प्रभावित क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं।

काराकास से पश्चिम दिशा में पहले 7.1 तीव्रता का भूकंप आया

जानकारी के अनुसार, राजधानी काराकास से पश्चिम दिशा में पहले 7.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके कुछ ही क्षण बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। भूकंप के कारण कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए घरों व इमारतों से बाहर निकल आए।

भूकंप का केंद्र काराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम 

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र काराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित था। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी बाकी है और मृतकों तथा घायलों की संख्या बढ़ सकती है।

राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने  घोषित किया  आपातकाल

भूकंप के बाद वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है। राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

फंसे लोगों की तलाश जारी

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कई इमारतों के ढहने से लोग मलबे में फंस गए हैं। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए विशेष बचाव दलों को तैनात किया गया है। गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी उपलब्ध संसाधनों को राहत कार्य में लगाया गया है।

सार्वजनिक अवकाश के दिन आया भूकंप

जिस दिन यह भूकंप आया, उस दिन वेनेजुएला में राष्ट्रीय अवकाश था। देश की स्वतंत्रता से जुड़े इस विशेष दिन अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग घबराकर सड़कों पर निकल आए और कई घरों में सामान गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।

अस्पतालों में बढ़ाई गई व्यवस्था

घायलों के बढ़ते दबाव को देखते हुए काराकास के प्रमुख अस्पतालों में अतिरिक्त चिकित्सा कर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, राजधानी के निकट स्थित देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे को भी एहतियातन बंद कर दिया गया है।

भारत ने जताई संवेदना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आई इस प्राकृतिक आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।

तेल क्षेत्र पर तत्काल असर नहीं

अधिकारियों के अनुसार, भूकंप का देश के प्रमुख तेल बुनियादी ढांचे पर फिलहाल कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। प्रमुख तेल उत्पादन क्षेत्रों से किसी गंभीर नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।