एलजेपी संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान की अस्थियां संगम में विसर्जित
प्रयागराज
पूर्व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान की अस्थियां शनिवार को संगम में विसर्जित की गईं। लोकजन शक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान अपने पूरे परिवार के साथ पिता राम विलास पासवान की अस्थियां लेकर संगम पहुंचे और पूरे विधिविधान के साथ संगम में अस्थि विसर्जन किया। उनका निधन आठ अक्टूबर को हुआ था।
मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि राम विलास पासवान की अस्थियां गांव और बिहार की तमाम नदियों में प्रवाहित की गई थी। वह एक जनप्रिय नेता थे, जिस कारण परिवार की इच्छा थी कि उनकी अस्थियां प्रयागराज में संगम में भी प्रवाहित की जाएं, लिहाजा वह अपने तीनों भाइयों और पूरे परिवार के साथ संगम तट पहुंचे और अस्थियां संगम में प्रवाहित की।
इस दौरान चिराग पासवान ने किसी राजनीतिक मुद्दे पर बात करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति पर बात करने का नहीं है। प्रदेश महासचिव संदीप श्रीवास्तव, विनीता सरोज, विनय कुशवाहा, प्रदीप श्रीवास्तव, जेपी जायसवाल आदि मौजूद रहे।
bhavtarini.com@gmail.com 
