अरवल और शेखपुरा के उत्पाद अधीक्षकों को निलंबित करने का निर्देश, चुनाव आयोग की बड़ी कार्रवाई
पटना
चुनाव आयोग ने अरवल व शेखपुरा के उत्पाद अधीक्षकों को निलंबित करने का निर्देश दिया है। वहीं, जहानाबाद, बक्सर, लखीसराय व जमुई के उत्पाद अधीक्षकों के ट्रांसफर करने का निर्देश दिया। शुक्रवार को पहले चरण की 71 सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर आयोग के द्वारा समीक्षा की गई।
16 जिलों में पहले चरण का चुनाव होना है। इन जिलों में कुछ जिलों में आयोग ने चुनाव खर्च की निगरानी और विशेष रूप से अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों पर नियंत्रण की कार्रवाई में कमी पायी। उत्पाद विभाग के प्रभारी इन क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार व गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर सतर्क नहीं पाए गए। इनके द्वारा अवैध शराब की जब्ती भी पर्याप्त नहीं पायी गयी, जिसे आयोग ने निष्पक्ष चुनाव को लेकर वातावरण तैयार करने में नगण्य माना। आयोग ने इसे सख्ती से लिया और राज्य सरकार को दो जिलों के उत्पाद अधीक्षकों को निलंबित करने और चार जिलों के उत्पाद अधीक्षकों को हटाने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि आयोग ने इसके पूर्व सभी जिलों को अवैध नकदी, शराब व प्रतिबंधित वस्तुओं के इस्तेमाल पर प्रभारी रोक लगाने का निर्देश दिया था। समय-समय पर आयोग के द्वारा हरेक चरण के चुनाव को लेकर अलग-अलग समीक्षा की जा रही है। इसके पूर्व उत्पाद आयुक्त के कार्तिकेय धन जी, कोसी के प्रमंडलीय आयुक्त के सेंथिल कुमार व बक्सर के एडीएम चंद्रशेखर झा को भी आयोग के निर्देश के बाद पद से हटाया जा चुका है।
धनबली और बाहुबली प्रत्याशी वाले क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई करने का निर्देश
चुनाव आयोग की बैठक में जिन इलाकों में सबसे अधिक धनबली और बाहुबली प्रत्याशी है, उन क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने की आवश्यकता जतायी गयी। साथ ही, वैसे निर्वाचन क्षेत्र जिन इलाकों में कमजोर वर्ग के मतदाता, गरीब मतदाता रहते हैं, उन क्षेत्रों में लगातार सघन जांच और कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए। आयोग के निर्देश पर विशेष हेलीकॉप्टर से अद्र्वसैनिक बलों द्वारा लगातार हवाई गश्ती की जा रही है। विशेष रूप से दियारा इलाकों में नजर रखी जा रही है। शुक्रवार को सारण, भोजपुर, वैशाली व मुजफ्फरपुर एवं गोपालगंज के दियारा इलाकों में विशेष हेलीकॉप्टर से हवाई गश्ती की गयी।
शराब व सीमा से अधिक नकदी की जब्ती की कार्रवाई तेज करें : सुनील अरोड़ा
भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बिहार विधानसभा आम चुनाव के दौरान प्रतिबंधित सामग्रियों की जब्ती को लेकर अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। प्रतिबंधित सामग्रियों में नकदी, शराब एवं अन्य प्रतिबंधित चीजें शामिल हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार विधानसभा आम चुनाव को लेकर आयोग के निर्देश पर राज्य में प्रतिनियुक्त सभी चुनाव प्रेक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने पहले, दूसरे व तीसरे चरण के चुनाव वाले इलाकों में की जा रही कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की।
bhavtarini.com@gmail.com 
