भोजपुर, बक्सर समेत 5 जिलों में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं 

भोजपुर, बक्सर समेत 5 जिलों में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं 

पटना 
बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। कई जिले अब कोरोना से पूरी तरह मुक्त होने लगे हैं। बक्सर, भोजपुर, सुपौल, खगड़िया और शेखपुरा जिले में अब एक भी संक्रमित नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक इन जिलों में अब कोरोना के एक भी एक्टिव संक्रमित नहीं हैं। यही नहीं, राज्य के 38 में से 30 जिले ऐसे हैं जहां 10 से कम संक्रमित हैं। जिस जिले से राज्य में कोरोना की शुरुआत हुई, उस मुंगेर जिले में और इसके साथ पूर्णिया में मात्र एक ही कोरोना के संक्रमित हैं। 

विशेषज्ञ चिकित्सक राज्य में रिकवरी रेट में तेजी से सुधार, लोगों में कोरोना के प्रति बढ़ रही प्रतिरोधक क्षमता और टीकाकरण को इसका प्रमुख कारण बता रहे हैं। उनके अनुसार बक्सर में अबतक 4025 लोग संक्रमित पाए गए थे। उनमें 4005 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 20 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं भोजपुर में अबतक 5108 लोग संक्रमित हुए थे। उनमें 5060 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 48 की मौत हो चुकी है। सुपौल में 5632 लोग संक्रमित हुए थे, उनमें  5613  लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 19 की मौत हो चुकी है। खगड़िया में 3134 में से 3120 स्वस्थ हो चुके हैं और 14 की मौत हो चुकी है। शेखपुरा में 2999 संक्रमितों में से 2986 स्वस्थ और 13 की मौत हो चुकी है।