बिहार में 26 नए कोरोना मरीज मिले, कुल संक्रमितों की संख्या हुई 900 के पार

बिहार में 26 नए कोरोना मरीज मिले, कुल संक्रमितों की संख्या हुई 900 के पार

 पटना 
हाल के कुछ दिनों से बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। मंगलवार को 130 मरीज मिलने के बाद बुधवार दोपहर तक कोविड-19 के कुल 26 नए मामले सामने आ चुके हैं। इस तरह कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 905 हो गई है। बिहार के 38 के 38 जिले इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को कुल 26 नए लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। इसमें भागलपुर के 6, खगड़िया के 3, रोहतास के 3, गोपालगंज के 2, बेगूसराय के 3 एवं नवादा के 9 मरीज शामिल हैं। दूसरी तरफ बिहार में अबतक 382 कोरोना पॉजिटिव ठीक हो होकर अस्‍पताल से घर लौट चुके हैं। वहीं इस बीमारी से अबतक कुल 7 लोगों की मौत हुई है।

सातवीं मौत बुधवार को हुई। राजधानी पटना के आलमगंज थाना के माखनपुर ईदगाह की रहने वाली कैंसर पीड़ित आशा देवी की कोरोना संक्रमण के कारण एनएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले कोरोना संक्रमण से मुंगेर, वैशाली, पटना, रोहतास, पूर्वी चंपारण और सीतामढ़ी निवासी एक-एक मरीज की  मौत हो चुकी है।

देश में 74281 मामले

वहीं देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 3525 नए मामले सामने आए हैं और कोविड-19 से 122 मौतें दर्ज की गई हैं। बुधवार को जारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर करीब 74281 हो गए हैं और कोविड-19 से अब तक 2415 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के कुल 74281 मामलों में 47480 एक्टिव केस हैं, वहीं 24386 लोगों को ठीक हो जाने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। कोरोना वायरस से अब तक सर्वाधिक 921 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है। यहां अब इस महामारी से पीड़ितों की संख्या 24427 हो गई है।