चेहरे की तमाम परेशानियों को दूर करने के लिये आलू काफी फायदेमंद

चेहरे की तमाम परेशानियों को दूर करने के लिये आलू काफी फायदेमंद

आलू एक ऐसी सब्‍जी है जो लगभग हर किचन में पाया जाता है। एक कच्‍चे आलू का रस आपकी त्‍वचा संबंधी कई समस्‍याओं का समाधान कर सकता है। इसके रस को कई अलग अलग चीजों के साथ मिला कर फेस पैक बना कर लगाने से स्‍निक से डार्क स्पॉट्स, पिंग्मेंटेशन और टैनिंग की परेशानी दूर होती है। यही नहीं अगर आपकी स्‍किन से ग्‍लो चला गया है तो भी आलू का फेस मास्‍क काफी काम आता है। अब आइये बिना देर किये हुए जानते हैं आलू के फेस मास्‍क तैयार करने की विधि-

​चेहरे को गोरा बनाने के लिये आलू का फेस मास्‍क

सामग्री-

    3 बड़े चम्मच आलू का रस
    2 बड़े चम्मच शहद

बनाने की विधि-

    आलू के रस को शहद के साथ मिलाएं।
    इसे अच्छे से फेंटें और अपने चेहरे और गर्दन पर लगाएं।
    इसे 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर इसे धो लें।
    सर्वोत्तम परिणामों के लिए इसे रोजाना करें।

कैसे फायदेमंद है ? शहद आपकी त्वचा को मॉइस्चराइज करता है और इसे नरम और कोमल रखता है। आलू का रस अम्लीय होता है और इसमें प्राकृतिक एजेंट होता है। ये आपकी त्वचा को चमकदार बनाने में मदद करता है।

ग्लोइंग स्किन के लिए आलू और नींबू का फेस मास्क

सामग्री-

    2 चम्मच आलू का रस
    2 चम्मच नींबू का रस
    ½ टीस्‍पून शहद (वैकल्पिक)

बनाने की विधि-

    आलू और नींबू के रस को मिलाएं। मिश्रण में शहद मिक्‍स कर के अच्‍छी तरह से और मिलाएं।
    इसे पूरे चेहरे और गर्दन पर लगाएं।
    इसे 15 मिनट के लिए छोड़ दें।
    फिर इसे पानी से धो लें।
    इसे हर दूसरे दिन करें।

कैसे फायदेमंद है ? नींबू और आलू में कसैले गुण होते हैं जो अतिरिक्त तेल को हटाने, बंद पोर्स को खोलने और स्‍किन को टोन करने में मदद करते हैं। और शहद आपकी त्वचा को नमीयुक्त रखता है।

मुंहासों के लिए आलू और टमाटर का फेस मास्क

सामग्री-

    1 बड़ा चम्मच आलू का रस या गूदा
    1 बड़ा चम्मच टमाटर का रस या गूदा
    1 बड़ा चम्मच शहद

बनाने की विधि-

    आलू और टमाटर का रस लें।
    फिर उसमें शहद मिला कर एक चिकना पेस्ट बनाएं।
    इसे अपने चेहरे पर समान रूप से लगाएं।
    बेस्‍ट रिजल्‍ट पाने के लिये इसे दिन में दो बार लगाएं।

कैसे फायदेमंद है ? टमाटर और आलू एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं जो मुक्त कणों से लड़ने में मदद करते हैं और कीटाणुओं और जीवाणुओं को आपकी त्वचा से दूर रखते हैं। इसके अलावा, उनके अम्लीय गुण बंद पोर्स को खोलते हैं।

पिगमेंटेशन के लिए आलू और चावल का आटा फेस पैक

सामग्री-

    1 चम्मच आलू का रस
    1 चम्मच चावल का आटा
    1 चम्मच नींबू का रस (वैकल्पिक)
    1 चम्मच शहद

बनाने की विधि-

    सभी सामग्रियों का एक गाढ़ा पेस्ट बना लें।
    इसे अपने चेहरे और गर्दन पर लगाएं और सूखने के लिए छोड़ दें।
    सूखे फेस पैक को धीरे से स्क्रब करने के लिए पानी का उपयोग करें।

कैसे फायदेमंद है ? आलू का रस टैन हटाने और स्पॉट कम करने में मदद करता है जबकि चावल का आटा आपकी त्वचा से डेड स्‍किन को स्क्रब करते हुए हटाता है। नींबू का रस खुले पोर्स को टाइट करता है और शहद त्वचा को नमीयुक्त रखता है।

ऑयली स्‍किन के लिए आलू और ओटमील फेस मास्क

सामग्री-

    3 आलू (उबले और छिले हुए)
    2 बड़ा चम्मच दूध
    1 बड़ा चम्मच ओट्स
    1 चम्मच नींबू का रस

बनाने की विधि-

    एक कटोरे में आलू को मैश करें और इसमें अन्य सामग्री मिलाएं।
    एक अच्छा पेस्ट तैयार होने तक इसे अच्‍छी तरह से मिक्‍स करें।
    इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और लगभग 30 मिनट के लिए छोड़ दें।
    इसके बाद चेहरे को गुनगुने पानी से धो लें।
    ऐसा हफ्ते में दो बार करें।

कैसे फायदेमंद है ? आलू और ओट्स स्‍किन से अतिरिक्त तेल को साफ करने और गंदगी को हटाने में मदद करते हैं। ओट्स त्वचा को मॉइस्चराइज करता है।