अपनी लाइन भी नहीं याद कर पाते कुछ अनुभवी अभिनेता: नीरज कबी
नई दिल्ली
वह न केवल एक एक्टर हैं, बल्कि एक एक्टिंग कोच भी हैं और यही वजह है कि अभिनेता नीरज कबी आज उन अभिनेताओं से आगे हैं, जो अपने शिल्प पर काम करे बगैर अन्य चीजों पर ध्यान दे रहे हैंं।
फिल्म शिप ऑफ थीसियस (2012), डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी (2015) और वेब शृंखला सेक्रेड गेम्स में अभिनय करने वाले नीरज कहते हैं, ‘युवा अभिनेताओं की धारणा यह है कि कड़ी मेहनत का मतलब सिर्फ जिम जाना होता है। वे वहां दिन में तीन-चार घंटे बिताते हैं। यह समय की बर्बादी है! जिम के बाद, वे सैलून और स्पा में जाते हैं। वे सभी सिर्फ अच्छा दिखने पर जोर दे रहे हैं।’
वह आगे कहते हैं, ‘हमें इंडस्ट्री में ऐसे लोगों की जरूरत है, जो वास्तव में काम कर रहे हों। सभी अभिनेता आज शूटिंग करने और शूटिंग खत्म कर वापस आने के लिए जाते हैं। यह अभिनय नहीं है। आपको अभ्यास और रियाज करना है।’
नीरज कहते हैं कि अभिनेताओं को सेट पर जाने और काम करने की कार्यशैली को समझने की जरूरत है। वह कहते हैं, ‘लोग बस आते हैं और कहते हैं - हां भाई, लाइन बताओ, क्या इमोशन देने हैं, क्या कहना है। उन्हें ऐसा करते देखना शर्मनाक है। मैं उन अभिनेताओं के बारे में बात कर रहा हूं, जो 30 साल से यहां हैं। मैं इन चीजों को देखकर आश्चर्यचकित हूं - आप मेरे वरिष्ठ हैं, पर मैं आपका अनुसरण कैसे कर सकता हूं? नई पीढ़ी किसका अनुसरण करेगी? इन वरिष्ठ अभिनेताओं के पास लोगों को बड़े कागज पर संवादों को लिखकर खड़ा होना पड़ता है।’
इसलिए नीरज को लगता है कि उनके लिए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि युवा पीढ़ी ऐसे अभिनेताओं के नक्शेकदम पर न चले। वह कहते हैं, ‘मैं सेट पर अपनी जिम्मेदारी को समझता हूं। वहां कई युवा होते हैं। वहां वे और मैं अभिनय को लेकर बहुत गंभीर रहते हैं और मैं बहुत पेशेवर हूं।’
bhavtarini.com@gmail.com 
