भोपाल, विटमिन-सी की जरूरत हमारे शरीर को हर समय होती है। हमें कोरोना से लड़ने के लिए विटमिन-सी की जरूरत है। यहां जानें कि इस गर्मी में आप हर दिन कौन-सी ऐसी चीजें खा सकते हैं, जो आपके शरीर को विटमिन-सी की पर्याप्त डोज देती रहेंगी...
पिएं भी नींबू, खाएं भी
नींबू विटमिन-सी प्राप्त करने का सबसे शानदार माध्यम है। गर्मी के मौसम में आप नींबू को सलाद, स्प्राउट्स, लेमन-टी और खासतौर पर नींबू पानी के रूप में उपयोग कर सकते हैं। इन सभी तरीकों से आपके शरीर को विटमिन-सी तो मिलेगा ही साथ ही लू भी आपको परेशान नहीं कर पाएगी।
इम्युनिटी बढ़ाने और थकान दूर करने का काम करता है विटमिन-सी
नींबू पानी शरीर को ऊर्जा देने, इम्युनिटी बढ़ाने और थकान दूर करने का काम करता है। जब भी कभी तनाव और थकान का अनुभव हो तो आप एक ग्लास नींबू पानी का सेवन कर लें। आपको लाभ होगा। गर्मी के मौसम में यदि कहीं बाहर जाना पड़े तब धूप में निकलने से पहले और धूप से आने के बाद नींबू पानी का सेवन करेंगे तो कोरोना संक्रमण के साथ ही डिहाइड्रेशन से भी आपका बचाव होगा।
पूरे साल उपलब्ध रहता है कीवी
कीवी फ्रूट्स एक ऐसा फ्रूट्स है जो मूल रूप से तो भारतीय नहीं है। लेकिन भारत में लगभग पूरे साल उपलब्ध रहता है। इस फल की फसल केले की तरह ही साल में दो बार आती है। इस कारण यह लगभग हर सीजन में मार्केट में मिलता है।
कीवी प्राकृतिक रूप से खट्टा-मीठा फल है। इसमें साइट्रिक एसिड और विटमिन-सी भरपूर मात्रा में होता है। यदि हर दिन आप एक कीवी फ्रूट का सेवन करेंगे तो आपके शरीर को जरूरी मात्रा में विटमिन-सी की प्राप्ति होती रहेगी और आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी भी बनी रहेगी।
विटामिन सी का अच्छा स्रोत है काजू
काजू में नैचरली विटमिन-सी होता है। हालांकि ड्राईफ्रूट्स के सेवन के लिए तेज गर्मी के मौसम में मना किया जाता है। क्योंकि सभी ड्राईफ्रूट्स तासीर में गर्म होते हैं। लेकिन अगर खान-पान का पूरा ध्यान रखते हुए गर्मी के मौसम में भी ड्राईफ्रूट्स का सेवन किया जाए तो बीमारियों से बचा जा सकता है।
खासतौर से आज के वक्त में जब कोरोना से लड़ने के लिए हमारे शरीर को एक मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता की जरूरत है तो हम सभी को अपनी डेली डायट में काजू को शामिल करना चाहिए। क्योंकि इसके सेवन से शरीर को विटमिन-सी तो प्राप्त होता ही है, साथ ही शरीर में ऑक्सीजन का स्तर बढ़ाने में भी काजू मददगार होता है।