प्रियंका चोपड़ा की शादी की तैयारियों के लिए जोधपुर पहुंचीं मां मधु चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा की शादी की तैयारियों के लिए जोधपुर पहुंचीं मां मधु चोपड़ा

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के बाद अब बॉलिवुड फैन्स एक और पावर कपल की शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अगस्त में प्रियंका चोपड़ा और उनके बॉयफ्रेंड निक जोनस के रोका के बाद से ही फैन्स उनकी शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। खबर है कि प्रियंका और निक जोनस दिसंबर में जोधपुर में शादी करेंगे। शुक्रवार को शादी की तैयारियों का जायजा लेने प्रियंका की मां मधु चोपड़ा जोधपुर पहुंचीं।

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने अपनी शादी के लिए जोधपुर के शाही महल उम्मेद भवन को चुना है। प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा अपनी बेटी की शादी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए यहां पहुंची थीं।

मीडिया से बात करते हुए मधु ने कहा, ‘यह (जोधपुर) मेरा पसंदीदा शहर है। सारी दुनिया छोड़कर हम यहां आए हैं।’ शादी की तैयारियों पर उन्होंने कहा, ‘अब शादी देख लेना। अभी से क्या बताऊं। जब हो जाए, तब बात करेंगे।’ प्रियंका इस दौरान पुरानी दिल्ली में अपनी नई फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसकी निर्देशक सोनाली बोस है। इंस्टाग्राम पर प्रियंका ने यह जानकारी दी है।

प्रियंका और निक की यहां उमेद भवन पैलेस में जल्द शादी होनेवाली है। इससे जुड़ी जानकारियां गुप्त रखी जा रही हैं, लेकिन जानकारों का कहना है कि इसमें केवल करीबी लोग और परिवार के लोग ही शामिल होंगे। फिल्मी दुनिया के दोस्तों के लिए अलग से एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।