‘सिलसिला बदलते रिश्तों का’ का अंत करीब, भावुक हुए शो के कलाकार

‘सिलसिला बदलते रिश्तों का’ का अंत करीब, भावुक हुए शो के कलाकार

मुंबई
अभिनेता कुणाल जयसिंह (Kunal Jaisingh) इन दिनों इस बात को लेकर बेहद भावुक हैं कि उनका शो ‘सिलसिला बदलते रिश्तों का’ जल्द ही खत्म होने वाला है।

‘सिलसिला बदलते रिश्त का’ के दूसरे सीजन में कुणाल को रुहान, तेजस्वी प्रकाश को मिष्टी, और अनेरी वजानी को परी के रूप में देखा जा रहा है। इस शो का एक नाटकीय अंत होगा जिसमें मिष्टी के एक खतरनाक बीमारी से पीडि़त होने का पता चलने के बाद वह अपने जीवन के लिए लड़ती नजर आएगी।

कुणाल ने कहा, ‘‘मेरे मन में मिली-जुली भावनाओं का गुबार उठ रहा है। मैं बहुत खुश हूं कि प्रशंसकों ने हम पर इतना प्यार बरसाया, लेकिन इसके साथ ही मैं दुखी भी हूं कि यह शो खत्म होने के कगार पर आ गया है।’’

अभिनेता ने आगे कहा, ‘‘यह सफर असाधारण रहा, मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिनकी वजह से शो सफल हो सका।’’

इस पर तेजस्वी ने कहा, ‘‘इस शो का हिस्सा होना बेहद मजेदार रहा, मिष्टी को जानना और समझना और प्यार, दोस्ती तथा सिस्टरहुड के शेड्स को पर्दे पर निभाना। इस किरदार को बेहद शानदार ढंग से लिखा गया था और मैं आभारी हूं कि मैं दशर्कों के मन में उसके लिए प्यार जगा पाई।’’ वहीं, अनेरी ने कहा कि उन्हें पूरी टीम की याद आएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा हर रोज नहीं होता कि आपको ऐसा किरदार निभाने का मौका मिले जो इतना वास्तविक हो और जिससे दर्शक खुद को जोड़ कर देख पाएं। मैं खुद को खुशकिस्मत समझती हूं कि मुझे उसे पर्दे पर निभाने का मौका मिला। मैं सभी को मिस करूंगी’’

शो का आखिरी एपिसोड 18 जुलाई को प्रसारित होगा।