बिहार पुलिस के 5 अधिकारियों के खिलाफ बांद्रा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत
पटना
बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस की जांच करने मुंबई गए बिहार पुलिस के पांच अधिकारियों के खिलाफ बांद्रा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज की गई। महाराष्ट्र करणी सेना की ओर से दी गई शिकायत में बिहार पुलिस के पांच अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। करणी सेना का आरोप है कि बिहार के पुलिस अधिकारियों का कार्यक्षेत्र मुंबई नही था। उन्हें एफआईआर मुंबई ट्रांसफर करना चाहिए था। उनके ऐसा न करने से महाराष्ट्र और पुलिस की छवि धूमिल हुई है।
सुशांत के घर रखा लाल रंग का बैग आखिरकार था किसका
जिस रोज सुशांत सिंह राजपूत का शव उनके मुंबई स्थित घर में मिला था उस वक्त वहां एक लाल रंग का बैग रखा था। सुशांत के एक करीबी मित्र अंकित ने इस बात का खुलासा किया कि लाल रंग का बैग मुंबई पुलिस ने बरामद किया था। जबकि सुशांत लेदर के बैग का इस्तेमाल करते थे। उनके पास लाल रंग का कोई भी बैग नहीं था। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर वह लाल रंग का बैग सुशांत के घर में कहां से आया। अगर वह बैग सुशांत का नहीं था तो किसका था। गौरतलब है कि इससे पहले पटना पुलिस की टीम ने जब मुंबई पुलिस से घटना के बाद बरामद सामान की सूची मांगी थी तो वहां के अफसरों ने ये सारी जानकारियां एसआईटी को देने से इनकार कर दिया था। इससे यह नहीं पता चल सका कि घटनास्थल के पास से कुछ बरामद हुआ था या नहीं। सवाल यह भी उठने लगे हैं कि क्या सुशांत की मौत से एक दिन पहले कोई उनसे मिलने आया था।
महाराष्ट्र में हो रही गंदी राजनीति का विरोध
दूसरी ओर महाराष्ट्र में हो रही गंदी राजनीति का पटना में जमकर विरोध हो रहा है। जस्टिस फॉर सुशांत के विशाल सिंह राजपूत ने कहा कि महाराष्ट्र के कुछ नेता जानबूझकर बिहार पुलिस के अफसरों के बारे अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं। वे पहले ही बिहार पुलिस की जांच से डर गये थे। अब गुस्से में आकर वे ऐेसा बयान दे रहे हैं, जो किसी के भी समझ से बाहर है। इस वक्त सुशांत के साथ पूरा देश खड़ा है और ऐसे में महाराष्ट्र के कुछ नेताओं का उनके परिवार को लेकर विवादित बयान देना शर्मनाक है।
bhavtarini.com@gmail.com 
