संकट की घड़ी में किसानों के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है सरकार : केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

संकट की घड़ी में किसानों के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है सरकार : केन्द्रीय मंत्री सिंधिया
  • ओला प्रभावित किसानों के बीच पहुँचे
  • फसल नुकसान का लिया जायजा और किसानों को बंधाया ढाँढस
  • ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने भी लिया प्रभावित फसलों का जायजा

भोपाल। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि प्राकृतिक आपदा से आई संकट की घड़ी में केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है। प्रभावित किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराने के साथ सरकार हर संभव मदद मुहैया करायेगी। सर्वे का काम पूरी पारदर्शिता के साथ किया जायेगा। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शनिवार को ग्वालियर जिले के विकासखंड घाटीगाँव के ओला प्रभावित गाँवों में फसलों का जायजा लेने पहुँचे थे। उन्होंने किसानों के बीच बैठ कर उन्हें ढाँढस बंधाया और समस्याएँ सुनीं। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया के साथ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी ओला प्रभावित फसलों का जायजा लेने पहुँचे थे।

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने घाटीगाँव विकासखंड के ग्राम बड़कागाँव, सेंकरा एवं बरहाना पहुँच कर बीते रोज हुई अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का जायजा लिया। उन्होंने कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह से कहा कि सभी ओला प्रभावित गाँवों में पूरी पारदर्शिता के साथ फसल सर्वे का काम किया जाए। साथ ही जल्द से जल्द राहत राशि वितरण का इंतजाम भी करें। उन्होंने प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिये भी कहा।

कलेक्टर श्री सिंह ने जानकारी दी कि फसल नुकसान का सर्वे का काम राजस्व, कृषि और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मैदानी अमले के संयुक्त दलों द्वारा किया जायेगा। फसल नुकसान के साथ पशु हानि और मकानों को हुए नुकसान का भी सर्वे होगा। सर्वे पूरा होते ही राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत प्रभावित किसानों को राहत राशि वितरित की जायेगी। उन्होंने बताया कि सर्वे का काम पूरी पारदर्शिता और किसानों की संतुष्टि के साथ किया जायेगा।