बंद नहीं हुई फिल्म शमशेरा, सेट से रणबीर कपूर-वाणी कपूर की तस्वीर आई सामने

 
नई दिल्ली 

रणबीर कपूर इन दिनों आलिया भट्ट के साथ अपने रिलेशनशिप को लेकर सुर्खियों में हैं. इसके अलावा वे फिल्म ब्रह्मास्त्र की शूटिंग में भी बिजी हैं. पिछले कुछ दिनों से उनकी फिल्म शमशेरा को लेकर तरह-तरह की अफवाह उड़ रही है. दरअसल शमशेरा की शूटिंग तय समय से लेट चल रही है. ऐसे में ये अफवाहें उड़ने लगी कि फिल्म ठंडे बस्ते में चली जाएगी. मगर इन खबरों पर फुलस्टॉप लग गया है. फिल्म की शूटिंग चल रही है और इस दौरान की तस्वीर भी सामने आई है.

तस्वीर में रणबीर कपूर और वाणी कपूर स्क्रिप्ट पर गौर करते नजर आ रहे हैं. तस्वीर शूटिंग के दौरान की लग रही है. तस्वीर में फिल्म के निर्देशक करन मल्होत्रा भी नजर आ रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक शमशेरा एक हाई एडवेंचर मूवी है जो एक्शन से लबरेज है. इससे पहले दर्शकों को रणबीर का ये रूप देखने को नहीं मिला होगा. फिल्म में रणबीर के अलावा संजय दत्त भी होंगे. संजय इस मूवी में निगेटिव किरदार में नजर आएंगे. संजय दत्त और रणबीर कपूर को इस फिल्म में देखना दर्शकों के लिए बिल्कुल नया अनुभव होगा.

बता दें कि इससे पहले भी यशराज फिल्म्स से जुड़े सूत्रों ने शमशेरा को लेकर चल रही तमाम अफवाहों को खारिज कर आजतक से कहा था कि शमशेरा को लेकर जो कुछ लिखा जा रहा है वो सही नहीं है. प्रोजेक्ट तय प्रोग्राम के आधार पर ही चल रहा है.  

क्या है फिल्म की कहानी-

ऐसा माना जा रहा है कि शमशेरा की कहानी 1800 के दौर की है और ये कहानी डाकुओं के ग्रुप के इर्द-गिर्द घूमती है. इस समूह को रणबीर कपूर लीड कर रहे हैं और ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ लड़ रहे हैं. आदित्य चोपड़ा इस फिल्म के प्रोड्यूसर हैं. रिपोर्ट के अनुसार, रणबीर इस फिल्म में डबल रोल प्ले करते भी नज़र आ सकते हैं.