खेतों और खाली जगहों से दूर रहने की चेतावनी, पटना समेत बिहार के कई जिलों में 48 घंटे तक वज्रपात का अलर्ट

खेतों और खाली जगहों से दूर रहने की चेतावनी, पटना समेत बिहार के कई जिलों में 48 घंटे तक वज्रपात का अलर्ट

पटना 
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 48 घंटे तक ठनका गिरने का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों से गरज-तड़क के साथ बारिश के भी आसार हैं। गुरुवार को राज्य के कई जिलों में वज्रपात से जानमाल का नुकसान हुआ। 

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि अगले 48 घंटे तक राज्य में ऐसी परिस्थितियां बन रही हैं, जिसके अनुसार कई जिले वज्रपात से प्रभावित होंगे। लोगों से बेवजह घरों से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि थंडरस्टोर्म के सेल एक जगह बनकर हवाओं की गति और तापमान की स्थिति के हिसाब से इधर-उधर मूवमेंट करते रहते हैं। रडार पर मिलने वाले संकेतों के आधार पर आपदा विभाग सहित विभिन्न माध्यमों से लोगों तक इसकी सूचना पहुंचाई जा रही है। 

बिहार में ठनके से 27 की मौत
बिहार में गुरुवार को आकाशीय बिजली (ठनका) ने फिर कहर बरपाया। राज्यभर में 27 लोगों की मौत ठनके की चपेट में आने से हो गई। कई लोग झुलस गए। सबसे ज्यादा 15 लोगों की मौत उत्तर बिहार में हुई। कोसी व सीमांचल में पांच तथा पटना के दुल्हिनबाजार में पांच और फुलवारीशरीफ में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पूर्णिया में लालगंज पंचायत के विक्रमपट्टी निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की जान भी ठनका गिरने से चली गई। हालांकि आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार राज्य में 26 लोगों की मौत ठनके की चपेट में आने से हुई है।  

यहां हुई बारिश
भागलपुर, रोहतास, मुंगेर, वैशाली, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, मधेपुरा, पूर्णिया , जमुई, सुपौल, भभुआ, बक्सर, नालन्दा, लखीसराय, कटिहार, जहानाबाद, पटना , शेखपुरा, अरवल, भोजपुर, अररिया, बेगूसराय, पूर्णिया, समस्तीपुर, वैशाली, मधुबनी और दरभंगा।