ISRO ने दी मिशन मंगल को शुभकामनाएं, अक्षय ने दिया ये रिएक्शन

ISRO ने दी मिशन मंगल को शुभकामनाएं, अक्षय ने दिया ये रिएक्शन

मुंबई    
बॉलीवुड फिल्म मिशन मंगल का हाल ही में ट्रेलर रिलीज हुआ है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही भले इंटरनेट पर मीम्स की बाढ़ आ गई हो लेकिन फिल्म का क्रेज कम नहीं हो रहा है। अब फिल्म को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) से  भी प्रशंसा मिली है।

अंतरिक्ष एजेंसी ने फिल्म की प्रशंसा करते हुए कहा है कि यह उसके मिशन के दौरान की भावना और जुनून को सुंदरता से चित्रित करती है। इसरो ने ट्वीट किया कि मिशन मंगल के ट्रेलर में उस भावना और जुनून का सुंदरता से चित्रण किया है जिनके साथ इसरो की टीम काम करती है। इसरो चंद्रयान-2 की लांच के लिए तैयार है । इसरो की टीम अक्षय को मिशन मंगल तथा उनकी भविष्य की सभी योजनाओं के लिए शुभकामनाएं देती हैं।

मिशन मंगल के अभिनेता अक्षय कुमार ने ट्विटर पर इसरो का आभार जताया। अक्षय ने ट्वीट किया कि इसरो का बहुत आभार तथा टीम इसरो को चंद्रयान-2 के लिए एक बार फिर शुभकामनाएं। जगन शक्ति द्वारा निर्देशित मिशन मंगल अंतरिक्ष में मंगल ग्रह की जांच के लिए इसरो द्वारा नवंबर 2०13 में हुए मार्स ऑर्बिटर मिशन या मंगलयान परियोजना पर आधारित है।

फिल्म में विद्या बालन, सोनाक्षी सिन्हा, तापसी पन्नू, कीर्ति कुल्हारी, नित्या मेनन और शरमन जोशी भी हैं। यह फिल्म 15 अगस्त को रिलीज होगी।