पटना, बिहार में गुरुवार को सासाराम निवासी कोरोना संक्रमित 70 साल के बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही बिहार में कोविड-19 संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। बिहार में कोरोना से सबसे पहली मौत मुंगेर निवासी सैफ अली की पटना के एम्स में इलाज के दौरान हो गई थी। इसके बाद वैशाली, पूर्वी चंपारण और सीतामढ़ी एक-एक संक्रमित पेशेंट की मौत हुई।
बुजुर्ग को सांस लेने की समस्या थी
उधर नारायण चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ प्रभात कुमार ने बताया कि 5 मई की रात में सदर अस्पताल सासाराम से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग मरीज को सांस लेने में भारी तकलीफ के बाद क्रिटिकल कंडीशन में नारायण चिकित्सा महाविद्यालय भेजा गया था। उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। उनका सैंपल बुधवार को भेजा गया था लेकिन गुरुवार को जांच रिपोर्ट आने के पूर्व ही बुजुर्ग मरीज दम तोड़ दिया। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। सासाराम पांचवा जिला बना जहां कोरोना वायरस से एक पेशेंट की मौत हो गई।
अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि काफी पहले से उन्हें सांस फूलने और दमा की बीमारी थी लेकिन, सासाराम के धौडाढ निवासी उक्त बुजुर्ग मरीज की स्थिति खराब होने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उनकी स्थिति जब और बिगड़ गई तब उन्हें नारायण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेजा गया था।
गुरुवार को पांच मरीजों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 547 हुआ
बिहार में गुरुवार को 5 कोरोना पॉजिटव मरीज मिले। इसके साथ ही कोरोना पॉजिटव की संख्या बढ़कर 547 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने ट्वीट कर कोरोना अपडेट में बताया कि शिवहर के गढ़वा सदर में 10 साल के बच्चे समेत सासाराम की 56 वर्षीय महिला और 70 वर्षीय पुरुष कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। औरगांबाद जिले में 30 वर्षीय पुरुष और जहानाबाद में 32 वर्षीय पुरुष कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।