राबड़ी बोलीं, हार के लिए सिर्फ तेजस्वी नहीं, हम सब हैं दोषी

राबड़ी बोलीं, हार के लिए सिर्फ तेजस्वी नहीं, हम सब हैं दोषी

पटना
राजद के 23वें स्थापना दिवस समारोह में भी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव नजर नहीं आए। शुक्रवार को वीरचंद पटेल पथ स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में उनका बेसब्री से इंतजार होता रहा पर आखिर तक वह नहीं पहुंचे। उम्मीद थी कि तेजस्वी आएंगे और अपनी चुप्पी तोड़ेंगे। पर ऐसा हुआ नहीं। दोपहर दो बजे से शुरू हुआ समारोह शाम साढ़े छह बजे तक चला। तेजस्वी की अनुपस्थिति में समारोह की कमान पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने संभाली। राबड़ी देवी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के लिए सिर्फ तेजस्वी दोषी नहीं हैं। कहा कि चुनाव में मिली हार के लिए सब कोई दोषी है, यहां तक की हम भी। हार के कई और कारण भी उन्होंने गिनाएं। राबड़ी ने आरोप लगाया कि ईवीएम में गड़बड़ी की गई। बिहार के साथ देशभर के डीएम ने गलत काम किया। उन्होंने पैसे से वोट खरीदने का भी आरोप लगाया। कहा, जिन्होंने पैसा दिये उन्हें वोट मिल गया।

राबड़ी देवी ने पार्टी नेताओं को नसीहत भी दी। कहा कि कार्यकर्ता नेता हो गए हैं। गांवों में नहीं जाते। जब आप जनता का साथ नहीं दीजिएगा तो राजद का साथ कौन देगा। कहा सिर्फ सामाजिक न्याय की बात नहीं होनी चाहिए। सब बिरादरी को लेकर चलना होगा। नेताओं से आह्वान किया कि पॉकेट से पैसा लगाएं। पार्टी का फंड खाली है। एमपी-एमएलए जो पैसा देते हैं उससे काम चल रहा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि जो उसके खिलाफ बात करता है उसे डराया जाता है। हमारे परिवार को डराया गया पर हम चुप नहीं रहेंगे। आप भी डरिए नहीं लड़िए। प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, अब्दुलबारी सिद्दिकी, आलोक मेहता, भोला यादव, शिवचंद्र राम, सलीम परवेज, विजय प्रकाश यादव, उदय नारायण चौधरी आदि ने भी विचार रखे।