मुख्यमंत्री ने किया अवनि के जल संरक्षण जागरूकता गीत की सीडी का विमोचन
राजयसभा सांसद संपतिया उईके की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय में किया विमोचन

भोपाल / मंडला - सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने कार्यालय में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके के साथ मण्डला जिले की बिटिया अवनि वर्मा के जल संरक्षण पर आधारित जागरूकता गीत की सीडी का विमोचन किया। सीडी विमोचन के अवसर पर श्री चौहान ने अवनि को आशिर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ भी दी। अवनि वर्मा मण्डला जिले की उभरती हुई गायिका है। जल संरक्षण पर आधारित यह गीत अजय दीवाना द्वारा लिखा गया है। इसी प्रकार गीत के संगीतकार मुकेश ठाकुर तथा निर्देशक सूरज वर्णवाल है। अवनि मण्डला जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन के दौरान मतदाता जागरूकता, कोरोना जागरूकता एवं समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले जनजागरूकता कार्यक्रमों में अपने गायन से सक्रिय सहयोग देती हैं। अवनि ने रामनगर में आयोजित किए जाने वाले आदि उत्सव, नर्मदा महोत्सव अमरकंटक, शरद उत्सव जबलपुर जैसे बड़े मंचों पर अपनी गायन प्रस्तुतियां भी दी है। अवनि केन्द्रीय विद्यालय मण्डला में कक्षा नवमीं में अध्ययनरत् है। इसी प्रकार अवनि खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय में मध्यमा अंतिम वर्ष में अध्ययनरत है। वर्तमान में अवनि संगीत शिक्षक प्रीत प्रेरणा श्रीवास्तव तथा जगदीश कछवाहा से संगीत की शिक्षा प्राप्त कर रही है।