प्रदेश में लाइसेंस एवं वाहनों से संबंधित अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन: उपमुख्यमंत्री

प्रदेश में लाइसेंस एवं वाहनों से संबंधित अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन: उपमुख्यमंत्री

जयपुर। उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा सपोटरा से पहली बार वातानुकूलित बस सेवाएं शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में सपोटरा में उप परिवहन कार्यालय खोलने पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा।

डॉ. बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार वंचित क्षेत्रों में परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के आमजन की सुविधा के लिए लाइसेंस एवं वाहनों से संबंधित अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं, जिससे आमजन को अब परिवहन संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालयों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

उपमुख्यमंत्री सदस्य हंसराज मीणा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्न का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि सपोटरा पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल तक वातानुकूलित बस सेवा से वंचित था। वर्तमान सरकार द्वारा सपोटरा से एसी बस सेवा शुरू की है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में राजस्थान पथ परिवहन निगम के बस बेड़े में और बसें शामिल की जाएंगी, जिसके बाद सपोटरा से त्रिनेत्र गणेश जी, सवाई माधोपुर के लिए बस सेवा का संचालन शुरू किया जाएगा।

इससे पूर्व सदस्य द्वारा पूछे गए मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के अभाव में सपोटरा (करौली) में नए उप परिवहन कार्यालय खोलने का कोई प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन नहीं है।