प्रदेश के कृषि बजट में ऐतिहासिक 34 प्रतिशत की वृद्धि, हमारी सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नई सोच से बनी, किसान कल्याण की नीतियां
प्रदेश में किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 1 हजार 355 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तान्तरित
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि किसान देश की आत्मा है। इनके सम्मान में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने करोड़ों किसान परिवारों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त हस्तान्तरित की है। इनमें राजस्थान के 66 लाख 76 हजार से अधिक किसान शामिल हैं, जिन्हें 1 हजार 355 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को असम के गुवाहाटी में पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के हस्तान्तरण कार्यक्रम तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं के भूमि पूजन एवं उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दुर्गापुरा के राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान से वीसी के जरिए प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में जुड़े और उनका संबोधन भी सुना।
इसी कड़ी में शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि किसान हमेशा से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्राथमिकता में हैं। गत वर्षों में उनके नेतृत्व में किसान संबंधी नीति में नई सोच आई है। अब किसान को देश की ताकत माना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दृढ़ संकल्प है कि भारत का किसान समृद्ध बने। इस दिशा में अनेक योजनाएं बनाई गई हैं, जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना प्रमुख है।
फसल बीमा योजना में 6 हजार 473 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम वितरित
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू की गई है, जिसके तहत पात्र किसानों को हर साल राज्य सरकार की ओर से 3 हजार रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस सम्मान निधि की राशि को चरणबद्ध रूप से 12 हजार रुपये तक बढ़ाने के लिए कृत संकल्पित है। फसल बीमा योजना में खराबे पर पूर्ववर्ती सरकार से ज्यादा मुआवजा दिया जा रहा है। इस योजना में अब तक 6 हजार 473 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम राज्य में वितरित किए जा चुके हैं।
वर्ष 2026-27 में कृषि बजट 1 लाख 19 हजार 408 करोड़ रुपये
शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने कृषकों के कल्याण को ध्यान में रखकर गत सरकार के अंतिम वर्ष 2023-24 के मुकाबले ऐतिहासिक 34 प्रतिशत की वृद्धि करके वर्ष 2026-27 में कृषि बजट 1 लाख 19 हजार 408 करोड़ रुपये रखा है। वहीं, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत अब तक 16 लाख से अधिक पशुओं की निशुल्क बीमा पॉलिसी जारी की गई है और पॉलिसी धारकों को लगातार क्लेम वितरण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 536 मोबाइल पशु चिकित्सा वाहन गांवों में सेवा दे रहे हैं। राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना में पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध हो रहा है। इस योजना में अब तक 682 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए जा चुके हैं।
‘सहकार से समृद्धि’ की पहल में राजस्थान अग्रणी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सहकार से समृद्धि’ की पहलों को प्रभावी रूप से लागू करने में राजस्थान देश का अग्रणी राज्य है। इसी क्रम में अन्न भंडारण योजना के तहत राज्य में 500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदामों का निर्माण पूरा हो चुका है। वर्ष 2026-27 के बजट में भी 500 मीट्रिक टन क्षमता के 50 गोदामों के निर्माण का प्रावधान किया गया है। वहीं, 250 और 100 मीट्रिक टन क्षमता के नए गोदामों के निर्माण तथा पुराने गोदामों के नवीनीकरण से भंडारण क्षमता में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
किसानों को मिला 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ब्याजमुक्त अल्पकालीन फसली ऋण
शर्मा ने कहा कि प्रदेश में गेहूं के समर्थन मूल्य खरीद पर 150 रुपये के अतिरिक्त बोनस का प्रावधान है। अब तक 78 लाख से अधिक किसानों को 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ब्याजमुक्त अल्पकालीन फसली ऋण उपलब्ध कराए गए हैं। राजस्थान के 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली मिल रही है। हमारी सरकार ने बिजली बिलों पर 50 हजार 833 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है और 2 लाख से अधिक नए कृषि कनेक्शन जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि 35 लाख किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये के अल्पकालीन ऋण वितरित किए जाएंगे। इसके लिए 800 करोड़ रुपये का ब्याज अनुदान दिया जाएगा। वहीं, लगभग 80 हजार किसानों को डिग्गी, सिंचाई पाइप लाइन, फार्म पौंड निर्माण के लिए 585 करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान भी दिया जाएगा।
गोशालाओं को अब तक 2 हजार 648 करोड़ रुपये का अनुदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 59 हजार सोलर पंप लगाए गए हैं, जिन पर 921 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है। कम पानी से अधिक पैदावार के लक्ष्य के साथ 2 लाख 11 हजार हैक्टेयर में ड्रिप और फव्वारा संयंत्र लगवाए हैं। इस पर 888 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है। उन्होंने कहा कि खेतों में डिग्गी और फार्म पौंड के निर्माण पर 490 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। गोशालाओं के लिए अनुदान में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर अब तक 2 हजार 648 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है।
किसान की आय दोगुनी एवं लागत कम करने की दिशा में किए महत्वपूर्ण कार्य
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप देश में किसान की आय दोगुनी एवं लागत कम करने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में अपने तीसरे कार्यकाल के प्रथम दिन ही किसान सम्मान निधि जारी करने की स्वीकृति दी, यह उनकी किसान कल्याण और सेवा की प्राथमिकता को दर्शाता है।
संकल्प पत्र के 73 प्रतिशत वादे किए पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौते सहित अनेक जल परियोजनाओं पर जरूरी कदम उठाए गए हैं। हमारी सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल के मुकाबले सवा दो साल में ही किसान कल्याण के लिए अधिक कार्य किए हैं। वहीं, संकल्प पत्र के 73 प्रतिशत वादे भी पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी संख्या में महिलाएं पशुपालन के काम से जुड़ी हैं। इसलिए राज्य सरकार दूध पर पांच रुपये प्रति लीटर का अनुदान दे रही है।
अब तक सवा लाख से अधिक पदों पर दी नियुक्तियां
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी कल्याण के लिए काम किया जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकार के समय पेपर लीक होता था, लेकिन अब हमारे कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अजमेर दौरे में 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। प्रदेश में अब तक सवा लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। वहीं, 1 लाख 35 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में एक लाख पदों के स्थान पर एक लाख 25 हजार पदों पर भर्ती के लिए कैलेण्डर जारी करने की घोषणा भी की है।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किसान, महिला, युवा एवं गरीब के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी किसान सम्मान निधि दे रहे हैं। इसी दिशा में मुख्यमंत्री ने भी प्रदेश के किसानों को 3 हजार रुपये की सम्मान निधि देने का काम किया है, जिससे अब केंद्र व राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली यह राशि 9 हजार रुपये हो गई है।
सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12 वर्षों में किसान हित में अनेक कार्य किए हैं। इसमें कृषकों की आय दोगुनी करने एवं विभिन्न फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण काम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के किसानों को सिंचाई के लिए जल उपलब्ध कराने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी श्रीमती मंजू राजपाल सहित वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

