पटना में थम नहीं रहा कोरोना का कहर, डीएम का फैसला, तीन दिन में बढ़ेंगे 2000 आइसोलेशन बेड
पटना
कोरोना संक्रमण पटना में तेजी से बढ़ते जा रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने आइसोलेशन सेंटर में बेड बढ़ाने का निर्णय लिया है। अगले तीन दिनों में आइसोलेशन सेंटर में दो हजार बढ़ाए जाएंगे।
मंगलवार को डीएम कुमार रवि की अध्यक्षता में कोरोना को कम करने तथा बचाव से संबंधित विषय पर बैठक हुई। बाढ़, मसौढ़ी, पालीगंज, बिहटा एवं पटना सिटी में पूर्व से संचालित आइसोलेशन सेंटर में तीन दिनों के अंदर 600 बेड बढ़ाए जाएंगे। डीएम ने दीप नारायण प्रबंधन संस्थान शास्त्री नगर एवं दशरथ मांझी इंस्टीट्यूट पटना को आइसोलेशन सेंटर बनाने का निर्देश दिया है। डीएम ने बताया कि रेलवे के दो कोच आइसोलेशन सेंटर बनाए जाएंगे। उन्होंने सदर एसडीओ को निर्देश दिया कि अपने स्तर से इसकी व्यवस्था करें। रेलवे कोच और अस्पताल में रेलकर्मियों का इलाज होगा। इधर, डीएम ने कहा कि कलेक्ट्रेट के सभी कर्मियों को मास्क लगाना जरूरी है। बिना मास्क पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
आइसोलेशन सेंटर पर तैनात होंगे शिक्षक
अधिकारियों को आइसोलेशन सेंटर पर खानपान एवं साफ-सफाई की व्यवस्था करने तथा निगरानी के लिए टीम गठित करने को कहा। डीएम ने कहा है कि जरूरत पड़े तो आइसोलेशन सेंटर पर शिक्षकों की भी तैनाती की जाए।
चार प्रकार के लोगों का हो रहा है टेस्ट
वर्तमान समय में चार प्रकार के व्यक्तियों का टेस्ट हो रहा है। इसमें पहला मरीज के कांटेक्ट में आने वाले लोग शामिल हैं। दूसरा कंटेनमेंट जोन में रहने वाले लोग, तीसरा हेल्थ वर्कर तथा चौथा जिनमें बीमारी के लक्षण दिख रहे हैं। संपर्क चेन के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों को सहभागी एवं सक्रिय बनाने का निर्देश दिया।
bhavtarini.com@gmail.com 
