रघुवंश प्रसाद इस्तीफे के फैसले से हट सकते हैं पीछे

रघुवंश प्रसाद इस्तीफे के फैसले से हट सकते हैं पीछे

पटना
बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections 2020) से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के दिग्गज नेता और लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad yadav) के दोस्त रघुवंश प्रसाद सिंह ने पार्टी से इस्तीफा (Raghuvansh Prasad Singh) दे दिया है। हालांकि, उनके इस्तीफे के तुरंत बाद लालू यादव का एक पत्र सामने आया, जिसमें उन्होंने रघुवंश प्रसाद सिंह का इस्तीफा नामंजूर करते हुए मनाने की कोशिश की और कहा कि वो कहीं नहीं जा रहे हैं। लालू यादव के इस डैमेज कंट्रोल का असर भी नजर आ रहा है। ऐसी संभावना है कि रघुवंश प्रसाद सिंह अपने फैसले से पीछे हट सकते हैं।

रघुवंश प्रसाद सिंह को मनाने की कोशिशें तेज
आरजेडी के वरिष्ठ नेता ने करीबी ने हमारे सहयोग अखबार टीओआई से बात करते हुए कहा कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का पत्र सामने आने के बाद रघुवंश प्रसाद सिंह अपने फैसले से पीछे हट सकते हैं। वो एक या दो दिनों में अपना रुख पूरी तरह से साफ कर देंगे। कुछ समय पहले ही रघुवंश प्रसाद सिंह ने आरजेडी के उपाध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही उनके आरजेडी छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

इसलिए पार्टी से नाराज हुए दिग्गज आरजेडी नेता
जानकारी के मुताबिक, बाहुबली नेता रामा सिंह के आरजेडी में शामिल करने की अटकलों से रघुवंश प्रसाद सिंह खासे नाराज थे। रघुवंश प्रसाद सिंह ने पार्टी में रहते हुए सभी पदों से इस्तीफा देकर रामा सिंह को आरजेडी में शामिल करने का खुलकर विरोध किया और इसके लिए उन्होंने पार्टी आलाकमान को पत्र लिखे। रघुवंश प्रसाद सिंह ने पत्र के जरिए साफ तौर पर कह दिया अगर रामा सिंह आरजेडी में शामिल होते हैं तो पार्टी से उनका कोई नाता नहीं रहेगा। इस बीच उनके इस्तीफे की खबर भी सामने आ गई।

करीबी 'दोस्त' को मनाने के लिए लालू ने खुद संभाला मोर्चा
दूसरी ओर रघुवंश प्रसाद सिंह के इस्तीफे की खबर सामने आते ही लालू प्रसाद यादव ने मोर्चा संभाला। डैमेज कंट्रोल करने के लिए जेल में बंद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पहल की और उन्होंने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को तत्काल रघुवंश प्रसाद सिंह से मुलाकात करने का निर्देश दिया। लालू के निर्देश पर तेजस्वी यादव के अलावा पार्टी के राज्यसभा सांसद मनोज झा रघुवंश प्रसाद सिंह से दिल्ली के एम्स में मुलाकात की है। लालू यादव के मोर्चा संभालने के बाद माना जा रहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह को जल्द ही मना लिया जाएगा।