जेट एयरवेज के लिए 10 अगस्त तक जमा होगी बोली

जेट एयरवेज के लिए 10 अगस्त तक जमा होगी बोली

मुंबई    
जेट एयरवेज के ऋणदाताओं ने रुचि पत्र जमा करने की समयसीमा को एक सप्ताह के लिए बढ़ाकर 10 अगस्त करने का फैसला किया है। पिछले महीने के आखिर में समाधान पेशेवर आशीष छावछारिया ने एयरलाइन की हिस्सेदारी बेचने के लिए इच्छुक पक्षों से रुचि पत्र आमंत्रित किया था। 3 अगस्त को रुचि पत्र जमा करने की आखिरी तारीख थी और अब तक चार इकाइयों से शुरुआती रुचि मिली है।

ऋणदाताओं ने शेयर बाजार को जानकारी दी है, ''दिलचस्पी लेने वाले विश्वस्त समाधान आवेदकों द्वारा अतिरिक्त समय मांगे जाने के बाद रुचि पत्र दाखिल करने के लिए समयसीमा को अस्थायी तौर पर एक सप्ताह के लिए बढ़ाकर 10 अगस्त करने का फैसला किया गया है।''

उसने कहा कि दिवाला एवं ऋण शोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी) के लक्ष्यों को हासिल करने और कर्जदार की परिसंपत्तियों के मूल्य को बढ़ाने के लिए समयसीमा का विस्तार किया गया है। ऋणदाताओं ने कहा है, ''रुचि पत्र दाखिल करने की संशोधित समयसीमा दस अगस्त के शाम चार बजे तक होगी।''