UAE के पीएम की पत्नी ने छोड़ा देश, जर्मनी से मांगी शरण: रिपोर्ट

UAE के पीएम की पत्नी ने छोड़ा देश, जर्मनी से मांगी शरण: रिपोर्ट

लंदन
दुबई के अरबपति शासक की छठी पत्नी हया बिंत अल हुसैन शादी टूट जाने के बाद कथित रूप से 3.1 करोड़ पाउंड के साथ यूएई छोड़कर चली गई हैं। वह अपने साथ दोनों बच्चों को भी लेकर चली गई हैं। वहीं, अपुष्ट खबरों के मुताबिक, जर्मन के राजनयिक ने दुबई से उन्हें बाहर निकालने में मदद की है, जिसके कारण दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संकट पैदा हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूएई के पीएम और वाइस प्रेजिडेंट शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मखतूम की पत्नी संभवतः लंदन में हैं।

हया जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला की सौतेली बहन हैं। वह पहले जर्मनी भाग गई थीं जहां उन्होंने राजनीतिक शरण की मांग की थी। वह अपने पति से तलाक मांग रही हैं। माना यह भी जा रहा है कि वह अपने साथ 3.1 करोड़ पाउंड भी लेकर गई हैं ताकि नई जिंदगी शुरू कर सकें।

ऑक्सफर्ड की पूर्व छात्रा प्रिंसेज हया 20 मई के बाद से न तो पब्लिक और न सोशल मीडिया पर दिखी हैं, जो कि उनके कल्याणकारी कार्यों की तस्वीरों से भरा रहता था। वह फरवरी से उसपर ऐक्टिव भी नहीं हैं।

अरब मीडिया में ऐसा दावा किया जा रहा है है कि जर्मन सरकार ने यूएई के पीएम की पत्नी को वापस करने की अपील को ठुकरा दिया है। यह घटना तब हुई है जब पीएम की बेटी प्रिंसेज लतीफा ने अपने पिता और दुबई से भागने की कोशिश की थी। हालांकि, उसे भारतीय तट से दूर समुद्र में एक नाव से पकड़ लिया गया था और उसके बाद से वह नजर नहीं आई हैं। माना जा रहा है कि वह वापस यूएई लौट गई हैं।

लतीफा ने आरोप लगाया था कि उत्पीड़न के कारण वह यूएई से भाग गई थीं, वहीं मानवाधिकार संगठनों का दावा है कि दुबई में उसे बंधक बनाकर रखा गया है।