सरकारी जमीन के विवाद में पंचायत के फैसले के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग: दो सगे भाइयों की मौत

सरकारी जमीन के विवाद में पंचायत के फैसले के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग: दो सगे भाइयों की मौत

awdhesh dandotiya
मुरैना। सुमावली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत घुरैया बसई के हटूपुरा गांव में रविवार को सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। पंचायत में फैसला एक पक्ष के हक में जाने से नाराज दूसरे पक्ष ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इस घटना में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हटूपुरा निवासी रामजीलाल पटेल और नाथूराम गुर्जर (आपस में चचेरे-तहेरे भाई) के बीच लंबे समय से सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के निपटारे के लिए रविवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें दोनों पक्ष मौजूद थे। पंचायत ने मामले की सुनवाई के बाद जमीन पर रामजीलाल का कब्जा तय किया। इस फैसले से व्यथित होकर नाथूराम पक्ष के लोग उग्र हो गए। पंचायत का फैसला आते ही नाथूराम और उसके साथियों ने खेत पर मौजूद रामजीलाल, उनके पुत्रों और रिश्तेदारों को घेर लिया। कहासुनी और गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। नाथूराम पक्ष के लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीबारी के शिकार

मृतक: राजवीर गुर्जर (पुत्र रामजीलाल) और अजब सिंह पटेल (पुत्र रामजीलाल) — दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल: धीरेंद्र गुर्जर (पुत्र रामजीलाल) और विक्की गुर्जर (पुत्र बंटू गुर्जर) — दोनों को चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर कर दिया है।

पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही सुमावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।