स्टेट जीएसटी की प्रवर्तन शाखा द्वारा हवाई कार्गो के ज़रिये बड़ी कर चोरी उजागर की
जयपुर। राज्य जीएसटी की प्रवर्तन शाखा ने जयपुर एयर पोर्ट पर एक महत्वपूर्ण कार्यवाही करते भारी संख्या में ज्वैलरी जवाहरात आदि जब्त किए है। विभाग की इस कार्यवाही से जयपुर के कई नामी ज्वैलर्स में हड़कंप मच गया। मुख्य आयुक्त कर विभाग कुमार पाल गौतम के निर्देश पर स्टेट जीएसटी की प्रवर्तन शाखा–I ने दिनांक 06 जनवरी को कार्यवाही करते हुए हवाई कार्गो के माध्यम से की जा रही करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी का बड़ा खुलासा किया है।
प्रवर्तन दल को कोलकाता से जयपुर तक बिना वैध दस्तावेजों के बुलियन, नेचुरल डायमंड, सोना एवं हीरा ज्वैलरी के अवैध परिवहन और व्यापार की गोपनीय जानकारी प्राप्त हुई थी। इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए विभाग की टीम ने कई दिनों तक लगातार निगरानी (रेकी) कर संपूर्ण अंतरराज्यीय नेटवर्क की गहन पड़ताल की और कार्रवाई की सटीक रणनीति तैयार की।
रणनीति के तहत जैसे ही घरेलू हवाई अड्डे से कूरियर के माध्यम से सोना-हीरा ज्वैलरी से भरे पार्सल रवाना किए गए, प्रवर्तन दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें घेराबंदी कर बिना दस्तावेजों के मंगवाया गया माल जब्त कर लिया। विभाग द्वारा जब्त की गई ज्वैलरी का बाजार भाव से मूल्यांकन करवाया जा कर पेनल्टी राशि वसूल की जाएगी।
उलेखनीय है कि इन दिनों विभाग के द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा अनुरूप कर चोरी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर लगातार कार्यवाहियां कर भारी मात्रा में कर चोरी उजागर की गई है।
bhavtarini.com@gmail.com

