साक्षी महाराज ने जेल में जाकर उन्नाव रेप आरोपी से की मुलाकात

साक्षी महाराज ने जेल में जाकर उन्नाव रेप आरोपी से की मुलाकात

लखनऊ 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फायर ब्रांड नेता और उन्नाव लोकसभा सीट से सांसद साक्षी महाराज ने बुधवार को दुष्कर्म और हत्या के आरोपी बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर से सीतापुर जेल में जाकर मुलाकात की. इस दौरान दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. मुलाकात के बाद लौटते समय मीडिया से बात करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि विधायक कुलदीप सेंगर काफी समय से इस जेल में बंद हैं. ऐसे में मैं चुनाव जीतने के बाद उन्हें धन्यवाद देने के लिए उनसे मिलने आया था.

सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि वे विधायक कुलदीप सिंह सेंगर से केवल मिलने के लिए आए थे. बातचीत के दौरान उनका केवल हालचाल जाना. उन्होंने कहा कि उनकी परेशानी और सुविधा की चिंता तो मैं नहीं कर सकता हूं. साथ ही उन्होंने कहा कि ईद की छुट्टी के दिन जेल प्रशासन ने मुलाकात करा दी, इसलिए मैं उन्हें भी धन्यवाद देता हूं. वहीं, सपा-बसपा को गठबंधन से अलग होने के सवाल साक्षी महाराज ने कहा कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी एक साथ लड़े या अलग-अलग, इससे बीजेपी की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ता है.

बता दें कि किशोरी से दुष्कर्म और उसके पिता की हत्या के आरोप में बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर सीतापुर जेल में बंद है. कुलदीप सिंह सेंगर मूल रूप से फतेहपुर जिले के रहने वाला है. सेंगर की माखी गांव में तूती बोलती है. वो उन्नाव के अलग-अलग विधानसभा सीटों से चार बार से लगातार विधायक है. उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के सराय थोक पर उसका ननिहाल है. कुलदीप सेंगर ने यूथ कांग्रेस से राजनीति की शुरूआत की और 2002 में भगवंतनगर से बीएसपी के टिकट पर विधायक बना. इसके बाद 2007 और 2012 में सपा के टिकट पर जीत कर विधायक बना. इसके बाद 2017 में बांगरमऊ से बीजेपी के टिकट पर चुनकर विधानसभा पहुंचा.