बिहार में बाढ़ से 45 लाख आबादी प्रभावित, 1.42 लाख परिवारों को दिए गए 6-6 हजार की आर्थिक मदद

बिहार में बाढ़ से 45 लाख आबादी प्रभावित, 1.42 लाख परिवारों को दिए गए 6-6 हजार की आर्थिक मदद

पटना 
राज्य में बाढ़ का प्रकोप निरंतर बढ़ता जा रहा है। बाढ़ का पानी राज्य के 14 जिलों के 110 प्रखंडों की 1012 पंचायतों में घूस गया है। इससे 45 लाख लोग प्रभावित हो चुके हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव रामचंद्रडु ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि बाढ़ पीड़ित एक लाख 42 हजार परिवारों के खाते में छह-छह हजार की सहायता राशि भेज दी गई है। इसकी सूचना भी एसएमएस के माध्यम से परिवार को दे दी गई है। शेष परिवारों के खाते में भी शीघ्र ही राशि भेज दी जाएगी। राज्य के विभिन्न जिलों में 1193 सामुदायिक किचेन राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे हैं, जिनमें प्रतिदिन सात लाख 70 हजार लोग भोजन कर रहे हैं। वहीं विभिन्न जिलों में 19 राहत केंद्र चल रहे हैं, जिनमें 27 हजार लोग रह रहे हैं। 

मझौलिया में डूबने से चाचा- भतीजे की मौत

मझौलिया के रुलही में धनौती नदी में डूबे चाचा-भतीजा की गुरुवार को जीएमसीएची में इलाज के दौरान मौत हो गई। सीओ जौवाद आलम ने बताया कि रुलही के केशव सिंह के पुत्र आदर्श कुमार सिंह (14) व बृजकिशोर सिंह के बेटे रौनक कुमार सिंह की लाश पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दी गई है। आदर्श भजीता रौनक के साथ बुधवार शाम धनौती नदी व सरेह में पानी देखने गया था। इसी दौरान दोनों धनौती नदी में गिर गये। परिजन समेत ग्रामीण वहां पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला। दोनों को जीएमसीएच बेतिया में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान दोनों की एक साथ मौत हो गई। दोनों के शव को एक ही चिता पर रखकर अंतिम संस्कार किया गया।  

पूर्वी चम्पारण में डूबने से दो की मौत, एक लापता

चिरैया व बनकटवा प्रखंड में बाढ़ के पानी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गयी। वहीं रक्सौल में बंगरी नदी के बांध के कटाव रोधी कार्य में लगा एक युवक बाढ़ के पानी में बह गया। चिरैया के अकौना गांव में राजा कुमार (18) की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गयी। वह बरैठा के विनोद भगत का पुत्र था। वह अपने मित्र के साथ उसके मामा के घर अकौना गया था।  इधर बनकटवा के निमोइया गांव में यमुनी नदी में डूबने से छठिया कुमारी (13) की मौत हो गयी। वह विश्वनाथ महतो की पुत्री थी। इधर रक्सौल के हरदिया गांव में बांध बांधने गया लक्ष्मी चौरसिया बंगरी नदी में बह गया। वह राजेन्द्र प्रसाद चौरसिया का इकलौता पुत्र था। एनडीआरएफ की टीम शव की तलाश कर रही है।