दिल्ली में भी टैक्स फ्री हुई 'सुपर 30'
दिल्ली सरकार ने रितिक रोशन स्टारर फिल्म 'सुपर 30' को राज्य में टैक्स फ्री कर दिया है। इससे पहले फिल्म बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में कर मुक्त हो चुकी है।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने लगातार 3 ट्वीट किए। उन्होंने पहला ट्वीट किया, 'सुपर 30 से ख्याति पाने वाले आनंद कुमार आज मेरे साथ दिल्ली सरकार के एक स्कूल में गए। उनका काम और व्यक्तित्व देशभर के सभी शिक्षकों के लिए प्रेरणा है क्योंकि कमजोर पृष्ठभूमि के बच्चे अपने आईआईटी-जेईई के सपनों को पूरा करते हैं। वास्तव में गुरु होने का मतलब यही है।'
उपमुख्यमंत्री ने दूसरा ट्वीट किया, 'दिल्ली सरकार सुपर 30 फिल्म को टैक्स फ्री कर रही है ताकि यह राज्य में स्टूडेंट्स और टीचर्स को प्रेरित कर सके।'
एक अन्य ट्वीट में सिसोदिया ने कहा कि यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आनंद कुमार शहर के सरकारी स्कूल के छात्रों को हर महीने एक क्लास देने के लिए राजी हो गए। उन्होंने बताया कि यह क्लास हमारे स्कूल के 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए ऑनलाइन होगी।
ऐक्टर रितिक रोशन ने इस फैसले के लिए दिल्ली सरकार का आभार जताया। उन्होंने ट्वीट किया, 'मनीष सिसोदिया जी, हमें राष्ट्र निर्माण टीम का हिस्सा समझने और दिल्ली में सुपर 30 को कर मुक्त करने की घोषणा के लिए आपका शुक्रिया।'
बता दें, सुपर 30 पटना के गणितज्ञ आनंद कुमार की जिंदगी पर आधारित फिल्म है जिन्होंने आईआईटी-जेईई के स्टूडेंट्स में फ्री में शिक्षा दी है। फिल्म में उन्हीं रोल रितिक रोशन ने निभाया है।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इसे क्रिटिक्स के साथ-साथ दर्शकों ने भी काफी पसंद किया है। डायरेक्टर विकास बहल की इस फिल्म में रितिक के अलावा मृणाल ठाकुर, पंकज त्रिपाठी, आदित्य श्रीवास्तव जैसे ऐक्टर्स भी अहम किरदारों में हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
