उफनती गंडक नदी ,एक और तटबंध टुटा

उफनती गंडक नदी ,एक और तटबंध टुटा

गोपालगंज
नेपाल के छोड़े पानी और बिहार में भारी बारिश से लबालब उफनती गंडक ने बिहार के एक और तटबंध को निगल लिया। देर रात गोपालगंज के पास सारण तटबंध दो जगह से टूट गया है। हालांकि ग्रामीण हालात को देखते हुए हफ्ते भर से रतजगा कर रहे हैं इसलिए उन्हें फौरन ही पता चल गया। आप वीडियो में देख सकते हैं कि उफनती गंडक का पानी कितनी तेजी से गांव में घुस रहा है।

तटबंध टूटने से स्टेट हाईवे पर घुसा पानी
सारण तटबंध टूटने के बाद बाढ़ का पानी स्टेट हाइवे पर बहने लगा है जिसके कारण यातायात बाधित हो चुका है। वहीं बाढ़ के पानी में एक बच्चे के बह जाने की खबर भी आ रही है। बताया जा रहा है कि गंडक का मुख्य तटबंध गुरुवार देर रात देवापुर में टूट गया। तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी बरौली और मांझा प्रखंड के 12 से अधिक गांवों में घुसने लगा है। वहीं बाढ़ से अबतक 45 गांव पूरी तरह प्रभावित है। उधर नेपाल के वाल्मीकी नगर बराज से छोड़े गए सर्वाधिक साढे चार लाख क्यूसेक पानी के गोपालगंज पहुंचने के बाद गुरुवार को गंडक नदी बेकाबू हो गई। एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पानी के तटबंध के ऊपर से बहने की स्थिति बन गई है। विश्वंभरपुर में जलस्तर खतरे के लाल निशान से दो मीटर ऊपर पहुंच गया है।