अररिया बना 26वां कोरोना प्रभावित जिला, बिहार में COVID-19 संक्रमितों की संख्या बढ़कर 359
पटना
बिहार में मंगलवार को 13 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। अररिया जिला प्रदेश का 26वां कोरोना प्रभावित जिला बन गया है। यहां एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। इसके साथ ही बिहार में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या 346 से बढ़कर 359 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में 13 नये मरीजों की पुष्टि की है। स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने मंगलवार को ट्वीट के जरिए कोरोना अपडेट में बताया कि बांका, अररिया, कैमूर, गोपालगंज और मुंगेर में संक्रमित मिले हैं। इनमें 2 महिला मरीज और 11 पुरूष मरीज हैं।
बांका में 20 वर्षीय महिला संक्रमित, अररिया में 28 वर्षीय पुरूष संक्रमित , गोपालगंज में छह पुरूष मिले जिनकी उम्र 18, 25, 35, 35, 56 और 70 साल है। कैमुर के भभूआ और चैनपुर में 4 मरीज मिले। इनमें तीन पुरूष 4, 19, 22 साल के और एक महिला 20 संक्रमित की पुष्टि हुई। वहीं मुंगेर के जमालपुर में 42 साल के एक पुरूष के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
इससे पहले बिहार में सोमवार को कोरोना से पीड़ित 69 नए मरीजों की पहचान की गई। ये राज्य में एक दिन में पहचाने गए मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। इनमें छह पटना के हैं। राज्य में अब कोरोना वायरस के संक्रमण से प्रभावित जिलों की संख्या 22 से बढ़कर 25 हो गई है। सोमवार को पहली बार मरीज मिलने के बाद पूर्णिया, मधुबनी और दरभंगा भी कोरोना प्रभावित जिले बन गए। बिहार में अबतक कुल 346 कोरोना के मरीजों की पहचान की जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को सबसे ज्यादा 22 मरीज मुंगेर के जमालपुर में मिले। रोहतास में 16, मधुबनी में 5, लखीसराय में 3, औरंगाबाद में 5, भोजपुर में 7 और नालंदा, सारण, नवादा, दरभंगा तथा पूर्णिया में 1-1 कोरोना पीड़ित की पहचान की गई है।
पटना में जिन मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उनमें नौबतपुर के दो साल के बच्चे के अलावा राजाबाजार की मछली गली के दो तथा न्यू पाटलिपुत्रा कॉलोनी, फुलवारी व बीपीएससी के निकट रहने वाला एक-एक शख्स शामिल है।
विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि मुंगेर में सोमवार को पहली रिपोर्ट में 13 और दूसरी में 9 मरीजों की पहचान की गई। पहली रिपोर्ट में 8 महिलाओं और 5 पुरुषों में कोरोना के वायरस की पुष्टि जांच के बाद हुई। इनमें 15 से 40 वर्ष की महिलाएं और 19 से 40 वर्ष के पुरुष शामिल हैं। इसी प्रकार, दूसरी में 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। मधुबनी में पहली बार कोरोना के मरीज सामने आए है। 5 मरीजों में 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। इनमें पुलिस लाइन निवासी एक की शख्स भी है जिसकी उम्र 27 वर्ष है।
मुंगेर राज्य का सबसे बड़ा हॉट स्पॉट बना
प्रधान सचिव ने बताया कि मुंगेर के सभी 22 नए मरीज जमालपुर स्थित सदर बाजार के रहने वाले हैं। अब तक मुंगेर में सर्वाधिक 90 मरीजों की पहचान की जा चुकी है और ये सबसे बड़े कोरोना हॉट स्पॉट के रूप में उभरा है। सूत्रों के अनुसार यहां कोरोना के संक्रमण के विस्तार में विदेश से आए मृत हो चुके मरीज मो. कैफ और एक अन्य कोरोना पीड़ित का सबसे बड़ा योगदान है। इन्होंने अकेले इस चेन को 51 तक पहुंचा दिया। स्थानीय स्तर पर बाहर से आए जमातियों के माध्यम से भी संक्रमण फैला।
सोमवार को संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी देख स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित जिलों में संक्रमण के चेन की पड़ताल के साथ नेटवर्क को तोड़ने को लेकर गाइडलाइन जारी की है।
bhavtarini.com@gmail.com 
