बिहार के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा केंद्र: तेजस्वी यादव
पटना
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में बढ़ते कोरोना के मामलों और बदइंतजामी का आरोप लगाते हुए फिर सरकार पर हमला बोला है। तेजस्वी ने गुरुवार को ट्वीट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए बिहार के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार की केंद्र द्वारा की जा रही अनदेखी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार क्यों चुप हैं। कहां है बिहार के दो-दो भाजपाई उपमुख्यमंत्री और बड़बोले केंद्रीय मंत्री? तेजस्वी ने कहा कि बिहार से जीतने वाले एनडीए सांसदों को दूसरे प्रदेशों के सांसदों से सीख लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार डीआरडीओ के जरिए कम आबादी और कम कोरोना मामलों के बावजूद हरियाणा में 500 बेड वाले दो कोविड समर्पित अस्पताल चालू करवा रही है। तेजस्वी ने आरोप जड़ा कि क्या बिहारियों की जान इतनी सस्ती है जो एनडीए को 48 सांसद देने के बावजूद इस महामारी में केंद्र सरकार का यह आपराधिक सौतेलापन सहें?
तेजस्वी ने सवाल किया है कि बिहार में एनडीए के 48 सांसद और 5 केंद्रीय मंत्री मिलकर भी बिहार के लिए डीआरडीओ से एक 500 बेड का कोविड समर्पित अस्पताल सुनिश्चित नहीं करवा सकते?

bhavtarini.com@gmail.com 
