बढ़ते अपराध पर सीएम सख्त, कहा-अपराध में लिप्त पुलिसकर्मी सीधे बर्खास्त होंगे
आजमगढ़
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आजमगढ़ कमिश्नरी में तीन घंटे तक मंडलीय समीक्षा बैठक की। बैठक में योगी ने कानून व्यवस्था अौर विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी ली। धीमी प्रगति पर अधिकारियों को चेतावनी भी दी। मुख्यमंत्री आजमगढ़ में बढ़ते अपराध पर सख्त दिखे। अधिकारियों को चेतावनी देते हुए इसे रोकने का निर्देश दिया। मऊ में लालबत्ती लगी गाड़ियां धड़ल्ले से चलने की सूचना पर खफा दिखे। कहा कि यदि कोई पुलिसकर्मी अपराध में लिप्त पाया जाए तो उसे तत्काल बर्खास्त करें।
उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण सहित जो भी बाधाएं आ रही हैं, उसे तत्काल दूर करें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास समेत अन्य योजनाओं में पैसे के लेन-देन की शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
आजमगढ़ मंडल के बलिया, मऊ अौर आजमगढ़ की समीक्षा करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निर्धारित समय पर सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर वाराणसी से पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से कार से 10.55 पर कमिश्नरी पहुंचे। जहां 11 बजे अधिकारियों का परिचय लेते हुए समीक्षा बैठक शुरू की। बैठक से पूर्व अधिकारियों को मोबाइल बाहर रखवा दिया गया। लगातार तीन घंटे तक बैठक चली। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के साथ ही कानून व्यवस्था की समीक्षा की और इसके बाद सभागार से निकल कर पार्टी के नेताओं से मिले। सवा दो बजे कमिश्नरी से पुलिस लाइन हेलीपैड के लिए रवाना हुए। जहां से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
bhavtarini.com@gmail.com 
