उपचुनाव की जोरदार तैयारियां शुरू, 29 को कमलनाथ लेंगे मैराथन बैठक

उपचुनाव की जोरदार तैयारियां शुरू, 29 को कमलनाथ लेंगे मैराथन बैठक

भोपाल
मध्य प्रदेश के 3 विधानसभा क्षेत्र जोबट , रैगांव और पृथ्वीपुर में होने जा रहे विधानसभा उपचुनाव और खंडवा लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने तिथि घोषित होने के पहले ही जोरदार तैयारियां शुरू कर दी है। इसे लेकर आगामी 29 जुलाई को पीसीसी चीफ कमलनाथ ने भोपाल मे कांग्रेस पदाधिकारियों की दिनभर की मैराथन बैठक रखी है। इस बैठक में नियुक्त किए गए विधानसभा चुनाव प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला कांग्रेस के पदाधिकारी के साथ ही संबंधित जिले के विधायक, चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस नेता और संबंधित क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे। सभी को चुनाव क्षेत्र का फीडबैक लेकर बैठक में आने को कहा गया है। माना जा रहा है कि यह बैठक नियत समय पर अलग-अलग क्षेत्र वार होगी।

कांग्रेस की तैयारियों को देखकर माना जा रहा है कि पार्टी इस चुनाव को पिछले विधानसभा उपचुनाव दमोह की तरह गंभीरता से लड़ेगी। सभी क्षेत्रों के लिए पहले से प्रत्याशी घोषित कर पार्टी दोहरा लाभ लेना चाहती है। पहला यह कि मुख्य प्रतिद्वंदी भाजपा पर दबाव बनाना चाहती है, दूसरा यह कि प्रत्याशी को इलेक्शन कैंपियन के लिए पर्याप्त समय देना । ताकि प्रत्याशी घोषित होने के बाद कतार में खड़े अन्य नेताओं की नाराजगी को समय रहते नियंत्रण में किया जा सके, साथ ही पूरे चुनाव क्षेत्र में घूम घूम कर मतदाताओं से प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित किया जा सके। प्रत्याशी चयन के लिए मापदंड क्या होंगे इसे लेकर पार्टी नेतृत्व में अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं ,लेकिन माना जा रहा है कि क्षेत्र में निजी एजेंसियों के द्वारा कराए जा रहे सर्वे को बड़ा आधार बनाया जा सकता है। साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय, जिला प्रभारियों एवं उप चुनाव क्षेत्र प्रभारियों की रिपोर्ट और जिला कांग्रेस व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की मंशा का प्रत्याशी चयन में पूरा ध्यान रखा जाएगा। पार्टी जोबट और पृथ्वीपुर में दिवंगत विधायक के रिश्तेदारों को टिकट देकर सहानुभूति वोट बटोरने के विकल्प पर भी विचार कर सकती है।

जोबट पहुंचे इंदौरा ,जोशी और भूरिया
 जैसा कि कांग्रेस पार्टी की उपचुनाव को लेकर जोरदार तैयारियां अभी से शुरु हो गई है उसी क्रम में शनिवार को अलीराजपुर के जोबट क्षेत्र के भाबरा में स्थित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्म स्थली पर उस की जयंती मनाने के बहाने कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश सह प्रभारी कुलदीप इंदौरा जोबट विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी बनाए गए विधायक रवि जोशी और क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया प्रमुख है। इस दौरान क्षेत्र के प्रमुख कांग्रेसी कार्यकर्ताओं जिला और ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक भी इन नेताओं ने ली। जिसमें प्रत्याशी चयन को लेकर बातचीत की गई और प्रमुख दावेदारों से चर्चा करके उनके उपचुनाव जीतने की संभावनाओं का आकलन किया गया। इस बैठक में यह भी तय किया गया कि कांग्रेस प्रत्याशी और उनके समर्थक क्षेत्र के प्रत्येक मतदाताओं तक अपना बहुत बनाएं इसके लिए बैठक में रणनीति भी बनाई गई।

जोरदार चुनावी किलेबंदी शुरू
कांग्रेस की लगभग इसी तरह की तैयारी खंडवा लोक सभा उपचुनाव के साथ ही रैगांव और पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी है। खंडवा में पूर्व सांसद और पूर्व पीसीसी चीफ के साथ ही केंद्रीय राज्यमंत्री और एआईसीसी के सचिव रहे अरुण यादव की उम्मीदवारी को लगभग तय माना जा रहा है। इसी के अनुरूप वह लगातार क्षेत्र में सक्रियता बनाए हुए हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा प्रत्याशी को कड़ी टक्कर देने के लिए लगातार उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं। खंडवा से यह भी खबर सामने आ रही है कि कांग्रेस ने मंडलम और बूथ स्तर पर भी जोरदार तैयारी की है। सतना जिले के अनुसूचित जाति सुरक्षित सी रैगांव को कांग्रेस इस बार भाजपा से छीनना चाहती है, संभवत इसी वजह से बसपा के क्षेत्रीय नेताओं को कांग्रेश लगातार अपने पाले में लाने का जतन कर रही है। निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में भी कांग्रेसमें अभी से जोरदार चुनावी किलेबंदी शुरू कर चुकी है।