आगरा में समीक्षा के दौरान डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा की नाक से निकला खून, हालत बिगड़ी
आगरा
उत्तर प्रदेश के आगरा में कोरोना संक्रमण की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा की हालत बिगड़ गई। उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा रविवार को आगरा में थे। वह कोविड-19 के संक्रमण को लेकर की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा करने आए थे। सर्किट हाउस में बैठक के दौरान उनकी नाक से खून बहने लगा। इस पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जिला अस्पताल से ईएनटी विशेषज्ञ को सर्किट हाउस बुलवाया गया। ईएनटी विशेषज्ञ डॉक्टर अतुल जैन एंबुलेंस से सर्किट हाउस पहुंचे।
उन्होंने डिप्टी सीएम की नाक का परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि खुश्की के कारण नाक में एक परत बन गई थी। जिसे उन्होंने अपनी उंगली से मल दिया था। इस कारण नाक से रक्तस्राव होने लगा था। उनका रक्तचाप सामान्य था। दाहिने नथुने में रुई लगा दी गई। कुछ देर बाद जब नाक से खून बहना बंद हुआ तो अधिकारियों की जान में जान आई। उसके बाद उन्होंने बैठक ली। अधिकारियों को लग रहा था कि कहीं बीपी की समस्या के कारण ऐसा हुआ होगा तो परेशानी हो सकती है, लेकिन परीक्षण में सब कुछ सामान्य निकला। सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि उप मुख्यमंत्री को खुश्की हो गई थी। इसलिए ये परेशानी हुई।
bhavtarini.com@gmail.com 
