केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात
मंडला में मेडिकल कॉलेज शुभारंभ करने की चर्चा
लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्य एवं कोविड में किए गए कार्यों की दी जानकारी

मंडला - मंडला सांसद केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने प्रदेश की राजधानी भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट की। केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री ने मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्य, कोविड में प्रभावित क्षेत्र की स्थिति तथा उसके रोकथाम के लिए किए गए कार्यों से की जानकारी दी। उन्होंने मंडला में शीघ्र मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ करने के विषय में चर्चा करते हुए अवगत कराया कि मंडला जिला मुख्यालय मे मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्तावित स्थल का प्रशासनिक तौर पर चयन कर इसकी रिपोर्ट भेजी गई है। राज्य सरकार से स्वीकृति उपरांत शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज की आधारशिला मंडला में रखी जाए तथा राज्य सरकार शीघ्र ही आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर मेडिकल कॉलेज मंडला में छात्रों की सीट आरक्षित कर शैक्षणिक कार्य आरंभ किए जाएं। मेडिकल कॉलेज के निर्माण से संबंधित टेंडर एवं अन्य गतिविधियों को विशेष प्राथमिकता के साथ कार्य सुनिश्चित किया जाए।
श्री कुलस्ते ने मुख्यमंत्री से मंडला जिले की स्वीकृत चुटका परियोजना, नर्मदा एक्सप्रेसवे एवं अन्य सिंचाई परियोजनाओं से संबंधित विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लोकसभा क्षेत्र में स्वीकृत विभिन्न प्रोजेक्टों पर शीघ्र कार्य आरंभ किए जाएं ताकि इसका लाभ क्षेत्र के नागरिकों को मिल सके। श्री कुलस्ते ने कोरोना काल में लोकसभा क्षेत्र के अपने भ्रमण के दौरान आम नागरिकों व्यापारियों राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक स्तर पर मिले विभिन्न सुझावों को कोरोना की तीसरी लहर को दृष्टिगत रखते हुए अवगत कराया। जिला मीडिया प्रभारी सुधीर कसार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा मंडला जिले में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति के साथ ही उसकी राशि आवंटित की है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने भी मेडिकल कॉलेज हेतु बजट में प्रावधान किया है। मंडला जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को दृष्टिगत रखते हुए मेडिकल कॉलेज की महती आवश्यकता है इसलिए केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट कर प्रमुखता के साथ मेडिकल कॉलेज के विषय में बात रखी।