Good News : भारत में 2 से 18 साल के बच्चों को भी लगेगा टीका

—ट्रायल के लिए सरकार से सिफारिश

नई दिल्ली। भारत में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बीच एक अच्छी खबर आ रही है। अब 2 से 18 साल के उम्र के बच्चों में वैक्सीनेशन के ट्रायल की तैयारी है। एक एक्सपर्ट समिति ने इसकी शिफारिश की है। एक्सपर्ट समिति ने 2 से 18 आयु वर्ग के बच्चों के लिए भारत बायोटेक के कोरोना टीके के दूसरे और तीसरे चरण के लिए परीक्षण की सिफारिश की है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है। दरअसल, विशेषज्ञ समिति ने बताया कि परीक्षण दिल्ली और पटना एम्स के साथ साथ नागपुर स्थित मेडिट्रिना चिकित्सा विज्ञान संस्थान समेत कई और स्थानों पर किया जाएगा। अगर परीक्षण के नतीजे अनुकूल आते हैं तो इसपर आगे की कार्यवाही की जाएगी और बच्चों में कोरोना टीका का रास्ता साफ हो जाएगा। केन्द्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की कोविड-19 विषय विशेषज्ञ समिति ने मंगलवार को भारत बायोटेक के आवेदन पर विचार-विमर्श किया है। मालूम हो कि आवेदन में भारत बायोटेक ने कोवैक्सीन टीके की दो साल से लेकर 18 साल के बच्चों में सुरक्षा और रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने समेत अन्य चीजों का आकलन करने के लिए परीक्षण के दूसरे/तीसरे चरण की अनुमति देने का अनुरोध किया गया था। खबर के मुताबिक भारत बायोटेक कंपनी ने जो आवेदन दिया है उसपर काफी विचार-विमर्श करने के बाद समिति ने प्रस्तावित दूसरे और तीसरे चरण के परीक्षण की अनुमति की सिफारिश की है। हालांकि, भारत बायोटेक ने देश के कई राज्यों में कोरोना वैक्सीन की सप्लाई भी शुरू कर दी है।