आसीन्द में पुलिस थानों व चौकियों में रिक्त पदों को शीघ्र भरेंगे: गृह राज्य मंत्री

आसीन्द में पुलिस थानों व चौकियों में रिक्त पदों को शीघ्र भरेंगे: गृह राज्य मंत्री

जयपुर। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि आसीन्द विधानसभा क्षेत्र में पुलिस कॉन्स्टेबल से लेकर सहायक उपनिरीक्षक, उपनिरीक्षक तथा वृत निरीक्षक के रिक्त पदों को जल्द ही भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 10 हजार पुलिस कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती के विरुद्ध 8 हजार 557 पदों पर नियुक्ति दे दी गई है। शेष पदों पर भी दस्तावेज सत्यापन सहित सम्पूर्ण चयन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नियुक्ति दी जा रही है।

बेढ़म प्रश्नकाल के दौरान विधायक जब्बर सिंह सांखला द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का गृह मंत्री की ओर से जवाब दे रहे थे। इससे पहले सदस्य द्वारा पूछे गये मूल प्रश्न के लिखित जवाब में गृह राज्य मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र आसीन्द में पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय, पुलिस थानों व चौकियों में उपनिरीक्षक के 06 पद, सहायक उप निरीक्षक के 08 पद, हैड कॉन्स्टेबल के 18 पद एवं कॉन्स्टेबल के 15 पद रिक्‍त हैंI उन्होंने बताया कि समय- समय पर सीधी भर्ती एवं पदोन्नति परीक्षाओं का आयोजन किया जाकर रिक्त पदों को भरा जा रहा है।