Good News : दिसंबर 2023 तक श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा भव्य राम मंदिर

Good News : दिसंबर 2023 तक श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा भव्य राम मंदिर

अयोध्या। दुनियाभर में फैले हिंदुओं के लिए अच्छी खबर है। हिंदुओं की आस्था का केंद्र अयोध्या में बन रहा भव्य श्रीराम मंदिर दिसंबर 2023 तक श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएगा। इसके बाद भारत समेत दुनिया भर के श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकेंगे। राम मंदिर ट्रस्ट के सूत्रों के मुताबिक, इसका काम तेजी से चल रहा है। हालांकि, इसके पहले भी राम मंदिर निर्माण का काम देख रहे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कहा था कि मंदिर का मुख्य परिसर 2023 के अंत तक तैयार हो जाएगा और उसके बाद इसे श्रद्धालुओं के लिए खोला जा सकेगा। 

दरअसल, श्रीराम मंदिर में भले ही श्रद्धालु दिसंबर 2023 से ही पूजा शुरू कर सकेंगे, लेकिन पूरे परिसर का निर्माण 2025 तक ही होने की उम्मीद है। मंदिर परिसर में ही म्यूजियम, डिजिटल आर्काइव और एक रिसर्च सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। म्यूजियम और आर्काइव के माध्य से लोग अयोध्या और राम मंदिर के इतिहास के बारे में जान सकेंगे। इसके अलावा हिंदू संस्कृति के बारे में भी बताया जाएगा। 

गौरतलब है कि भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण से जुड़े लोग 2021 की शुरुआत से इस बात के संकेत दे रहे हैं कि दो साल के भीतर मंदिर में पूजा-अर्चना शुरू हो जाएगी और आम श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन की अनुमति होगी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दिसंबर 2023 तक मंदिर का काम लगभग पूरा हो जाएगा और लोग भगवान राम की पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

सीएम योगी जाएंगे अयोध्या, पीएम मोदी कर सकते हैं संबोधित
गुरुवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की शुरुआत हुए एक साल पूरा हो रहा है। इस मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या का दौरा करेंगे। कहा जा रहा है कि इस इवेंट को पीएम नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली संबोधित कर सकते हैं।

5 अगस्त, 2020 को पीएम मोदी ने किया था भूमिपूजन
मालूम हो कि बीते साल कोविड—19 संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन किया था।