प्रधानमंत्री की अजमेर जनसभा में करौली के 400 लाभार्थियों ने लिया भाग

प्रधानमंत्री की अजमेर जनसभा में करौली के 400 लाभार्थियों ने लिया भाग

जिले के विभिन्न विभागों में नवचयनित 598 अभ्यर्थियों को प्रदान की गईं वेलकम किट

जयपुर। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में कायड़, अजमेर में शनिवार को आयोजित जनसभा कार्यक्रम में करौली जिले से प्रति विधानसभा क्षेत्र से 100 कुल लगभग 400 से अधिक लाभार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की इस शृंखला में करौली सूचना केंद्र टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री ने रोजगार उत्सव के अंतर्गत प्रदेशभर के लगभग 21 हजार 800 से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर नवचयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने युवाओं को ईमानदारी, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा दी। वहीं जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों में चयनित 598 नवचयनित अभ्यर्थियों को वेलकम किट प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया। वेलकम किट में मुख्यमंत्री का बधाई संदेश एवं लोक सेवक के दायित्वों से संबंधित जानकारी शामिल रही।


जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी अभ्यर्थी लोक सेवा के अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करें तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल नवचयनित अभ्यर्थियों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 280, चिकित्सा शिक्षा (राजमेस) के 180, पशुपालन विभाग के 65, राजस्व विभाग के 63, मनरेगा एवं ग्रामीण विकास विभाग के 59, खान एवं भू-विज्ञान विभाग के 2, स्किल डेवलपमेंट विभाग के 3, प्राथमिक शिक्षा विभाग के 4, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के 2, अनुकंपा एवं शहीद साथी के 8, वित्त, महिला एवं बाल विकास, संस्कृत शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता एवं कृषि विभाग के 1-1 तथा स्वायत्त शासन विभाग के 2 नवचयनित अभ्यर्थी शामिल रहे।