प्रलोभन देकर टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने में जुटे कई देश, कहीं मिल रहे पैसे तो कहीं गाय जीतने का मौका

प्रलोभन देकर टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने में जुटे कई देश, कहीं मिल रहे पैसे तो कहीं गाय जीतने का मौका

 नई दिल्ली 
कोरोना के डेल्टा वेरिएंट के कहर के बीच कई देश प्रलोभन देकर टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने में जुटे हैं। इसके लिए कोई देश नकद पैसा दे रहा है तो कोई गाय दे रहा है। साथ ही बीयर, शॉपिंग कूपन, आईसक्रीम जैसी चीजों को लालच दिया जा रहा है। गौरतलब है कि अमेरिका समेत कई देशों में इस समय कोरोना के डेल्टा वेरिएंट के चलते संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में दुनियाभर की सरकारें ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन केंद्र तक लाने के तरह-तरह के प्रलोभन का सहारा ले रही हैं।

 न्यूयॉर्क सिटी शहर के किसी भी केंद्र पर कोरोना का टीका लगवाने वाले व्यक्ति को 100 डॉलर दिया जा रहा है। शहर के मेयर बिल डी ब्लासियो ने टीके की पहली डोज लेने वाले का यह पैसे देने की घोषणा की है। बता दें कि अमेरिका में कोरोना के डेल्टा वेरिएंट के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं, ऐसे में सरकार ने यह स्कीम निकाली है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवाने के लिए केंद्र पर आएं। इसके अलावा अमेरिका के कई राज्यों में एक मिलियन डॉलर की लॉटरी से लेकर मुफ्त लॉटरी से लेकर बीयर, पेस्ट्री जीतने का मौका शामिल है।

 थाईलैंड में मई में जब कोरोना टीकाकरण अभियान शुरू किया गया तो काफी कम लोग ही टीके के लिए पंजीकरण करा रहे थे। लेकिन कुछ ही दिनों में सब कुछ बदल गया। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हर दिन की मांग सैकड़ों से हजारों तक पहुंच गई। इसकी वजह थी- गाय जीतने का मौका। थाईलैंड उन देशों में से हैं जो टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रलोभन दे रहे हैं।