दिल्ली में आज तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी के आसार, गिर सकते हैं ओले

दिल्ली में आज तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी के आसार, गिर सकते हैं ओले

 नई दिल्ली 
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। राजधानी दिल्ली के मौसम में अगले दो दिनों के बीच तेज हवाओं और बूंदाबांदी के चलते बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी भागों में गुरुवार सुबह बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति भी तेज रहने के आसार हैं। इससे कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 

शुक्रवार के दिन भी बूंदाबांदी के आसार हैं जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो-दो डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। शीतलहर का प्रभाव खत्म होते ही दिल्ली में बीते तीन दिनों में गर्मी तेजी से बढ़ी है। कोहरे के खत्म होने और सुबह से ही सूरज निकलने के चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। बुधवार के दिन भी दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप निकली रही। दिन के कुछ हिस्सों में तो लोग आधी बांह की शर्ट पहने दिखे।

दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में बुधवार का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जोकि सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र में सबसे ज्यादा गर्मी रही। यहां का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा।