हॉकी वर्ल्ड कप में भारत का शानदार आगाज, साउथ अफ्रीका को रौंदा

हॉकी वर्ल्ड कप में भारत का शानदार आगाज, साउथ अफ्रीका को रौंदा

भुवनेश्वर 
टीम इंडिया ने हॉकी वर्ल्ड कप में धमाकेदार आगाज करते हुए टूर्नमेंट के अपने पहले मुकाबले में बुधवार को साउथ अफ्रीका को 5-0 से हरा दिया। कलिंगा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत के लिए सिमरनजीत सिंह ने 2 गोल किए। वहीं, आकाशदीप, ललित उपाध्याय और मनदीप सिंह ने 1-1 गोल दागा। सिमरनजीत सिंह को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।  


भारत ने मैच की शुरुआत से ही साउथ अफ्रीकी टीम पर दबाव बनाने की रणनीति बनाई। खेल के पहले 8 मिनट में टीम इंडिया 4 बार अफ्रीका के गोल पोस्ट पर अटैक कर चुकी थी लेकिन उसे गोल की कामयाबी नहीं मिली। इस बीच 9वें मिनट में एक बार फिर अफ्रीकी टीम पर हमला बोला। यहां अफ्रीकी खिलाड़ी ने बॉल को गलत ढंग से ब्रेक किया और भारत ने इस पर रेफरल मांग लिया। 


रिव्यू भारत के पक्ष में गया और भारत को मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। इस पर अफ्रीकी टीम के गोलकीपर ने शानदार बचाव किया, लेकिन बॉल मनदीप सिंह के सामने गिरी और उन्होंने रिबाउंड में प्रहार करते हुए गेंद को इस बार गोल पोस्ट में भेद दिया और भारत को मेहमान टीम पर बढ़त दिला दी। दो मिनट बाद ही 12वें मिनट में आकाशदीप सिंह ने फील्ड गोल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। पहले क्वॉर्टर का खेल खत्म होने पर टीम इंडिया शान से 2 गोल की बढ़त लेकर ब्रेक लेने पहुंची। 


दूसरे क्वॉर्टर में भारत ने एक बार फिर आक्रामक शुरुआत की। 19वें मिनट में टीम इंडिया को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला गया। हालांकि इस बार टीम इंडिया इसे गोल में नहीं बदल पाई। भारत ने अपनी बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन हाफ टाइम तक वह कोई और गोल नहीं कर पाई। इस बीच साउथ अफ्रीकी टीम ने भी भारत की बढ़त को कम करने के प्रयास किए लेकिन मेजबानों की रक्षापंक्ति ने उसे कामयाब नहीं होने दिया। हाफ टाइम के बाद मेजबान टीम साउथ अफ्रीका से 2-0 से आगे थी।